आंधी-तूफान और भारी बारिश से भारी तबाही

आंधी-तूफान और भारी बारिश से बबलिया क्षेत्र में भारी तबाही

  • गिरे पेड़ और उड़े मकानों के छप्पर, बिजली ठप, ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग
  • पंडरी तलाई और पौड़ी नैझर में जनजीवन अस्त-व्यस्त

मंडला महावीर न्यूज 29. बबलिया क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंडरी तलाई, पौड़ी और नैझर में विगत दिवस आए भीषण आंधी-तूफान और मूसलाधार वर्षा ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण क्षेत्र के आम ग्रामीणों और निर्धन परिवारों को बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
जानकारी अनुसार अचानक इस तेज हवाओं के तांडव से क्षेत्र में लगे कई मुख्य फलदार वृक्ष जैसे कटहल, महुआ और आम के पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गए। तूफान का असर इतना भयानक था कि कई ग्रामीणों के मकानों की छत पर रखे खपरे और टीन-शेड हवा में उड़ गए, जिससे लोग खुले आसमान के नीचे आने को मजबूर हो गए हैं।

बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप 

आंधी-तूफान के कारण क्षेत्र में बिजली के खंभे और तार टूटकर गिर गए हैं। विद्युत लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है, जिससे ग्रामीण अंधेरे में रहने को विवश हैं।

सरपंच और ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग 

स्थानीय सरपंच राम चरण मसराम ने स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि इस आपदा से ग्रामीण जनों का बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। कई गरीब परिवारों के सामने संकट खड़ा हो गया है। शासन-प्रशासन को इस तबाही का संज्ञान लेना चाहिए। ग्रामीणों ने मांग कि है कि प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर पीडि़त ग्रामीणों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा राशि प्रदान किया जाए।


Leave a Comment