जनपद शिक्षा केंद्र में नामांकन और बुनियादी सुविधाओं की हुई समीक्षा
बीजाडांडी में जिला नोडल अधिकारी ने ली समीक्षा बैठक
- अपार आईडी शत-प्रतिशत बनाने के दिए सख्त निर्देश
- जनपद शिक्षा केंद्र में नामांकन, ड्रॉपबॉक्स और बुनियादी सुविधाओं की हुई गहन समीक्षा
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड के अंतर्गत शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और स्कूल चले हम अभियान के उद्देश्यों को समय सीमा में पूरा करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कवायद तेज हो गई है। इसी सिलसिले में 18 जून को जनपद शिक्षा केंद्र बीजाडांडी में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला शिक्षा केंद्र से विशेष रूप से जिला नोडल अधिकारी केके उपाध्याय उपस्थित हुए। उन्होंने विकासखंड के शैक्षणिक और तकनीकी अमले के साथ स्कूल चले हम अभियान के द्वितीय चरण की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
100 प्रतिशत अपार आईडी बनाने का लक्ष्य
बैठक में राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया गया। जिला नोडल अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विकासखंड के सभी स्कूली बच्चों की अपार आईडी का निर्माण शत-प्रतिशत कराना सुनिश्चित किया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नामांकन बढ़ाने और ड्रॉपबॉक्स कम करने पर रणनीति
सरकारी स्कूलों में बच्चों की दर्ज संख्या बढ़ाने और बीच में पढ़ाई छोडऩे वाले बच्चों को वापस मुख्यधारा से जोडऩे के लिए विशेष रणनीति पर चर्चा की गई। जिसमें प्राथमिक शालाओं की कक्षा 1 में नामांकन बढ़ाने के लिए महिला बाल विकास विभाग और स्थानीय आंगनवाडिय़ों से निरंतर संपर्क व समन्वय स्थापित करने का सुझाव दिया गया। ड्रॉपबॉक्स में दिख रही बच्चों की संख्या को जल्द से जल्द कम करने के लिए जनशिक्षकों को जमीनी स्तर पर कार्ययोजना बनाकर कार्य में गति लाने के निर्देश दिए गए।
बुनियादी सुविधाओं और यूडाइस प्रोग्रेशन की समीक्षा
शैक्षणिक कार्यों के साथ-साथ स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल एंट्रीज पर भी विस्तार से बात की गई। बैठक में प्रमुख रूप से यूडाइस पोर्टल पर बच्चों का प्रोग्रेशन और ड्रॉपबॉक्स प्रबंधन। स्कूलों में पेयजल की उपलब्धता और बालिकाओं के लिए क्रियाशील शौचालयों की स्थिति। समय पर पाठ्यपुस्तक वितरण सुनिश्चित करना। क्षेत्र के जीर्ण-शीर्ण स्कूल भवनों की पहचान और उनके सुधार कार्य। निरीक्षण के दौरान मॉनिटरिंग और जियो-टैग फोटो अपलोड करने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
बैठक में ये रहे उपस्थित
आयोजित समीक्षा बैठक में विकासखंड एकेडमिक समन्वयक, समस्त जनशिक्षक, मोबाइल स्रोत सलाहकार, सब इंजीनियर और जनपद शिक्षा केंद्र कार्यालय के सभी कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहे। नोडल अधिकारी ने सभी को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय में कार्य पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया।
मध्यान्ह भोजन से पहले हाथ धोना अनिवार्य करें- एपीसी केके उपाध्याय
- उदयपुर माध्यमिक शाला में प्रवेश उत्सव
- तिलक लगाकर और किताबें देकर हुआ बच्चों का स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29. जन शिक्षा केंद्र उदयपुर के अंतर्गत पीएम श्री शासकीय माध्यमिक शाला उदयपुर में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने पर हर्षोल्लास के साथ प्रवेश उत्सव कार्यक्रम मनाया गया। इस कार्यक्रम में जिला शिक्षा केंद्र मंडला के एपीसी केके उपाध्याय, विकासखंड स्रोत समन्वयक मनोज चंदेल और एमआरसी अरविंद यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नए और पुराने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं।
शाला में उपस्थित पालक-शिक्षक संघ के सदस्यों को संबोधित करते हुए एपीसी उपाध्याय ने बच्चों की नियमित उपस्थिति, शुद्ध पेयजल और गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भोजन साफ-सुथरा बने और बच्चे भोजन से पूर्व अनिवार्य रूप से हाथ धोएं। वहीं बीआरसी मनोज चंदेल ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आप सब कल का भविष्य हैं, इसलिए प्रतिदिन शाला आएं।










