आबकारी विभाग का एक्शन, नाले के किनारे चल रहे 3 ठिकानों पर दबिश

मंडला में आबकारी विभाग का एक्शन

नाले के किनारे चल रहे 3 ठिकानों पर दबिश

  • 1.94 लाख की अवैध शराब व लाहन जब्त
  • आबकारी बल को देख भागे आरोपी
  • ग्राम मड़ई में 1800 किलो महुआ लाहन नष्ट
  • अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी एवं कार्यवाहक सहायक जिला आबकारी अधिकारी शैली सैयाम के मार्गदर्शन में आबकारी वृत मंडला द्वारा अवैध शराब के अड्डों पर ताबड़तोड़ दबिश दी गई।

नाले के किनारे चल रहे थे अवैध अड्डे 

आबकारी विभाग की टीम ने महाराजपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मड़ई में नाले के किनारे दबिश की कार्रवाई की। यहाँ मदिरा का अवैध रूप से निर्माण और विक्रय किया जा रहा था। टीम ने मौके पर घेराबंदी कर 3 अवैध अड्डों से लगभग 95 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची मदिरा बरामद की।

1800 किलो महुआ लाहन मौके पर नष्ट 

कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम को मदिरा निर्माण के लिए रखा भारी मात्रा में महुआ लाहन भी मिला। यह लाहन 180 प्लास्टिक के डब्बों में भरकर रखा गया था, जिसमें प्रत्येक डिब्बे में करीब 10 किलो लाहन मौजूद था। टीम ने कुल 1800 किलो महुआ लाहन जब्त कर मौके पर ही विधिवत नष्ट कर दिया। जब्त की गई मदिरा और सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 94 हजार 250 आंकी गई है।

आरोपी फरार, तलाश जारी 

दबिश के दौरान आबकारी बल को अचानक सामने देख आरोपी मौके से भाग खड़े हुए, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग द्वारा अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत विधिवत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है।

कार्रवाई में शामिल रही यह टीम 

इस सफल कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, कार्यवाहक मुख्य आरक्षक दुर्जन कुलेश, आरक्षक विजय कमलेश, सत्यपाल मरावी, नेतराम ककोटिया, रघुनाथ उइके और महेश पटेल मुख्य रूप से शामिल रहे। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और परिवहन के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।


Leave a Comment