53 लीटर अवैध शराब के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार

मंडला में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

53 लीटर अवैध शराब के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार

  • कोतवाली पुलिस ने नाकाम की शराब तस्करी
  • ₹27,000 की देशी-विदेशी शराब जब्त

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब के क्रय-विक्रय और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।

मुखबिर की सूचना पर ज्ञानदीप स्कूल के पास घेराबंदी

पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि ज्ञानदीप स्कूल के पास दो व्यक्ति अवैध रूप से शराब का परिवहन और उसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने बिना वक्त गंवाए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया और मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को चारों तरफ से घेर लिया।

53 लीटर शराब बरामद, पिता-पुत्र गिरफ्तार

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के दौरान मौके से दो आरोपियों को दबोचा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 53 लीटर देशी और विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹27,000/- आंकी गई है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

  • सीताराम विश्वकर्मा (पिता टेकराम विश्वकर्मा, उम्र 62 वर्ष)
  • राहुल विश्वकर्मा (पिता सीताराम विश्वकर्मा, उम्र 22 वर्ष)

दोनों आरोपी रानी अवंती बाई वार्ड, थाना कोतवाली, जिला मंडला के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस सफल और प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शफीक खान, उप निरीक्षक भुनेश्वर वामनकर, प्रधान आरक्षक अशोक मार्को, संतलाल, कमलेश्वरी, मोहन, तथा आरक्षक प्रियांश, रमेश, राजकुमार, हनु मार्को और धीरेंद्र तेकाम सहित अन्य थाना स्टाफ की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।


Leave a Comment