पहली बार आदिवासी, हरिजन और पिछड़े वर्ग के 54 भाई-बहनों ने लिया राष्ट्रीय पुरोहित का प्रशिक्षण

ऐतिहासिक पहल

देश में पहली बार आदिवासी, हरिजन और पिछड़े वर्ग के 54 भाई-बहनों ने लिया राष्ट्रीय पुरोहित का प्रशिक्षण

  • मंडला में राष्ट्रीय पुरोहित प्रशिक्षण का समापन
  • पूर्व राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल और कुलाधिपति दिवाकर सिंह रहे मौजूद

मंडला महावीर न्यूज 29. प्रांतीय कुर्मी समाज के आह्वान पर कुर्मी समाज विकास संगठन जिला मंडला के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय आवासीय राष्ट्रीय पुरोहित प्रशिक्षण कार्यक्रम का बिंझिया स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल मंगल भवन में समापन हुआ। देश में पहली बार आयोजित इस अनूठे कार्यक्रम में आदिवासी, हरिजन एवं पिछड़े वर्ग के 54 भाई-बहनों को राष्ट्रीय स्तर का पुरोहित प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान कर संकल्प दिलाया गया। सभी को दमोह निवासी मुख्य प्रशिक्षक डॉ. रज्जन पटेल द्वारा कर्मकांड की विधियों का प्रशिक्षण दिया गया।समापन समारोह की अध्यक्षता कुर्मी समाज के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सरदार वल्लभभाई पटेल विश्वविद्यालय बालाघाट के कुलाधिपति दिवाकर सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में चेतना मंच छत्तीसगढ़ के संचालक जितेंद्र सिंगरौल, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एलपी पटेल सहित कई प्रांतीय पदाधिकारी शामिल हुए।

सामाजिक परिवर्तन और मार्गदर्शन पर दिया जोर 

प्रदेशाध्यक्ष रामखेलावन पटेल ने कहा कि भविष्य में मध्यप्रदेश के हर विकासखंड में विभिन्न वर्गों के पुरोहित तैयार किए जाएंगे ताकि समाज में सकारात्मक परिवर्तन आए। कुलाधिपति दिवाकर सिंह ने 10वीं-12वीं के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए सही मार्गदर्शन देने की बात कही। प्रशिक्षण के जनक जितेंद्र सिंगरौल ने इस कार्यक्रम को देश के कोने-कोने तक ले जाने का संकल्प दोहराया, वहीं डॉ. राजन पटेल ने कहा कि कर्मकांड की विधि पर किसी एक वर्ग विशेष का एकाधिकार नहीं है।

सम्मान समारोह के साथ हुई संगठनात्मक नियुक्तियां 

इस अवसर पर प्रतिवर्षानुसार 10वीं व 12वीं के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को 4 हजार रुपये के चेक देकर सम्मानित किया गया। साथ ही वृद्धजनों, सेवानिवृत्त साथियों, रामायण मंडली और मीडियाकर्मियों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती संजू लता सिंगौर को पुन: महिला प्रकोष्ठ जिला मंडला का अध्यक्ष घोषित किया गया और जिला अध्यक्ष सीबी पटेल की अनुशंसा पर 10 स्वजातीय बंधुओं को प्रदेश कार्यकारिणी में जगह दी गई।

कैबिनेट मंत्री ने दी 15 लाख की सौगात 

समापन अवसर के दूसरे दिन ओबीसी प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर संगठन के कार्यों की सराहना की। इससे पूर्व मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने मंगल भवन के अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु 15 लाख रुपये देने की घोषणा करते हुए भूमि पूजन किया। अंत में जिला अध्यक्ष सीबी पटेल ने सभी का आभार व्यक्त किया।


Leave a Comment