धार्मिक आस्था का सम्मान
नर्मदा परिक्रमा मार्ग से मांसाहार की दुकानें हटाने की मांग
- आम आदमी पार्टी ने जनसुनवाई में सौंपा ज्ञापन
- कारीकोन तिराहा से गैस गोदाम मार्ग से दुकानों को स्थानांतरित करने के लिए उठाई आवाज
मंडला महावीर न्यूज 29. जनता के बुनियादी मुद्दों को लेकर लगातार मुखर रहने वाली आम आदमी पार्टी ने अब नर्मदा भक्तों की धार्मिक आस्था और जनहित से जुड़ी एक बेहद महत्वपूर्ण मांग उठाई है। मंगलवार को आम आदमी पार्टी के जिला नेतृत्व ने कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में पहुंचकर एक आवेदन सौंपा, जिसमें मां नर्मदा परिक्रमा मार्ग पर संचालित हो रही मांसाहार की दुकानों को किसी अन्य उचित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की गई है।
मामले की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने कहा कि सनातन धर्म में नर्मदा परिक्रमा को अत्यंत पवित्र और अद्वितीय धार्मिक यात्रा माना जाता है। हर साल देश-विदेश से लाखों सनातनी और नर्मदा भक्त इस कठिन यात्रा पर निकलते हैं, जो पूरी तरह आस्था पर टिकी है। परंतु, परिक्रमा मार्ग के अनेक स्थानों पर मांसाहार की दुकानें संचालित होने के कारण श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और आस्था को गहरी ठेस पहुंचती है।
कारीकोन तिराहा मार्ग पर एक्सीडेंट का खतरा और जाम की स्थिति
आवेदन में विशेष रूप से रेखांकित किया गया है कि शहर के कारीकोन तिराहे से लेकर गैस गोदाम तक के मार्ग में वर्तमान में कई मांसाहार की दुकानें चल रही हैं। इसी मार्ग पर गैस गोदाम और गिट्टी क्रेशर भी स्थित हैं, जिसके कारण यहां आए दिन भारी वाहनों की आवाजाही से ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। इस अव्यवस्था की वजह से जहां एक तरफ परिक्रमा वासियों को भारी असुविधा होती है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय रहवासियों और बाजार आने वाले खरीदारों के लिए हमेशा दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
व्यापारियों के हित में भी स्थानांतरण जरूरी
आम आदमी पार्टी ने अपने आवेदन में स्थानीय छोटे व्यापारियों की चिंता को भी शामिल किया है। आप नेताओं का कहना है कि इस मार्ग पर अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्था होने के कारण आम ग्राहक यहां आने से बचते हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों के व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। यदि इन मांसाहार की दुकानों को शहर से बाहर किसी नियत व व्यवस्थित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाए, तो इससे जहां एक तरफ परिक्रमा मार्ग की पवित्रता और भक्तों की आस्था सुरक्षित रहेगी, वहीं दूसरी तरफ व्यापारियों के व्यापार में भी बढ़ोत्तरी होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ये रहे उपस्थित
इस गंभीर जनहितैषी मुद्दे पर त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई की मांग करने के लिए आम आदमी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जनसुनवाई में पहुंचा था। इस दौरान जिला अध्यक्ष पंकज सोनी के साथ जिला संगठन मंत्री शिशु सिंधु भलावी, जिला संगठन मंत्री (एससी विंग) नितिन झरिया, जिला अध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) रमा देवी धुर्वे, जिला मीडिया प्रभारी आशीष वैष्णव, जिला कार्यालय प्रभारी राजेश महोबिया, राकेश उसराठे, रश्मि मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











