लाड़ली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी
सागर के केसली से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जारी करेंगे योजना की 37वीं किस्त
- एक करोड़ 25 लाख बहनों के खातों में ट्रांसफर होंगे 1835 करोड़ रुपये
- देवरी विधानसभा को मिलेगी 190.85 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
भोपाल/मंडला महावीर न्यूज 29. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 14 जून को सागर जिले के केसली विकासखंड में आयोजित होने वाले भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश की करोड़ों लाड़ली बहनों को बड़ी सौगात देते हुए ‘लाड़ली बहना योजना’ की 37वीं किस्त की राशि सीधे उनके खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित (ट्रांसफर) करेंगे। इस राज्य स्तरीय कल्याणकारी कार्यक्रम के तहत प्रदेश की लगभग 1 करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों के बैंक खातों में कुल 1835 करोड़ रुपये की विशाल राशि भेजी जाएगी।
देवरी विधानसभा को 53 विकास कार्यों की बड़ी सौगात
महिला सशक्तिकरण के इस कार्यक्रम के साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने के लिए देवरी विधानसभा क्षेत्र को लगभग 190.85 करोड़ रुपये की लागत वाले कुल 53 विकास कार्यों की बड़ी सौगात सौंपेंगे। इन विकास कार्यों का विवरण इस प्रकार है:
- भूमि-पूजन: क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 122.02 करोड़ रुपये की लागत वाले 28 नए विकास कार्यों का भूमि-पूजन और शिलान्यास किया जाएगा।
- लोकार्पण: जनता की सुविधा के लिए बनकर तैयार हो चुके 68.83 करोड़ रुपये की लागत वाले 25 महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भव्य लोकार्पण कर उन्हें आमजन को समर्पित किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में होगा आधारभूत सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव जिन विकास कार्यों की सौगात देने जा रहे हैं, उनमें मुख्य रूप से सड़क कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा तकनीकी शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न निर्माण कार्य शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार, इन बड़े प्रोजेक्ट्स के धरातल पर उतरने से देवरी और केसली विकासखंड के सुदूर ग्रामीण अंचलों में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं और सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।









