मंडला में सनसनी मामला
बीजाडांडी के सैद्धांतिक सीनियर सिटीजन होम में बुजुर्गों को बंधक बनाने का आरोप
- बिना मर्जी के लाए गए कई वृद्ध, वृद्धाश्रम के नाम पर धोखाधड़ी
- ग्वारीघाट नहाने गए लोगों को बहला-फुसलाकर आश्रम में रखा
- परिजनों को भी नहीं दी सूचना
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र मंडला जिले के विकासखंड बीजाडांडी से एक बेहद चौंकाने वाला और गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ संचालित सैद्धांतिक सीनियर सिटीजन होम (वृद्धाश्रम) में रह रहे बुजुर्गों ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बुजुर्गों का कहना है कि उन्हें यहाँ उनकी मर्जी के खिलाफ, बहला-फुसलाकर जबरन लाकर रखा गया है और उन्हें उनके परिवारों से मिलने नहीं दिया जा रहा है।

धोखाधड़ी से लाने का आरोप
आश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे जबलपुर के ग्वारीघाट में नहाने या काम की तलाश में गए थे, जहाँ से कुछ लोगों ने उन्हें काम देने, पैसे देने और अच्छी सुविधाएं प्रदान करने का लालच देकर गाड़ी में बैठाया और बीजाडांडी ले आए। एक बुजुर्ग ने रोते हुए बताया मेरी बीवी और बच्चे हैं, उन्हें पता भी नहीं है कि मैं यहाँ हूँ। मुझे यहाँ जबरदस्ती लाया गया है और मैं अपने घर वापस जाना चाहता हूँ।

बुनियादी सुविधाओं की कमी और पाबंदियां
आश्रम के एक अन्य निवासी ने बताया कि उन्हें बाहर जाने की बिल्कुल अनुमति नहीं दी जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 दिनों से उन्हें नहाने के लिए साबुन तक नहीं मिला है और पानी की भी उचित व्यवस्था नहीं है। हालांकि खाना दिया जा रहा है, लेकिन उन्हें यहाँ कैदी की तरह रखा गया है।

जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस
बताया गया कि जब इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन को मिली, तब अधिकारी हरकत में आए और आनन, फानन में मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए हैं। बीजाडांडी थाना प्रभारी अनिता कुड़ापे ने बताया कि तहसीलदार और संबंधित अधिकारी इस मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं। जांच के दौरान आश्रम में कुल 43 लोग पाए गए हैं, जिनमें से कुछ बुजुर्ग मानसिक रूप से कमजोर या बीमार भी हैं। उन्होंने बताया कि कई बुजुर्गों के परिजनों को उनके यहाँ होने की कोई भनक तक नहीं है। प्रशासन अब इन बुजुर्गों के पते और उनके परिजनों के नंबर निकालकर उनसे संपर्क करने का प्रयास कर रहा है जिससे उन्हें सुरक्षित उनके घर भेजा जा सके। मामले में आश्रम प्रबंधन की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।









