मां नर्मदा के तट पर गूंजा प्रभु राम का नाम

मां नर्मदा के तट पर गूंजा प्रभु राम का नाम

संतों के सानिध्य में पूर्णाहुति

  • त्यागी आश्रम अंजनिया के महाराज का संकल्प पूरा
  • सात दिवसीय रामधुन का हवन और विशाल भंडारे के साथ समापन

मंडला महावीर न्यूज 29. मां नर्मदा के पावन तट पर आयोजित सात दिवसीय संगीतमय राम संकीर्तन रामधुन का हवन-पूजन, महाआरती और विशाल भंडारे के साथ समापन हुआ। त्यागी आश्रम अंजनिया के पूज्य संत त्यागी महाराज श्री रामेश्वर दास जी द्वारा मां नर्मदा के तट पर राम संकीर्तन करने का पवित्र संकल्प लिया गया था। इस धार्मिक अनुष्ठान का सात दिवसीय अनवरत चल रहे रामधुन का समापन किया गया। बताया गया कि सात दिनों तक चले इस भक्तिमय आयोजन का समापन सभी पूज्य संतों के सानिध्य में विधि-विधान से हवन-पूजन के साथ किया गया। इसके बाद मां नर्मदा की भव्य महाआरती की गई, जिसमें पूरा तट नर्मदे हर और जय श्री राम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

भंडारे में उमड़ा जनसैलाब, जनप्रतिनिधियों ने लिया प्रसाद 

महाआरती के बाद एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। इस भंडारे में हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था के साथ प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम में मंडला विधायक श्रीमती संपतिया उइके, नगरपालिका अध्यक्ष, जिला भाजपा अध्यक्ष सहित अनेक गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने संतों का आशीर्वाद लिया और भंडारे में प्रसादी पाई।

भक्तों के प्रति जताया आभार 

महाराज रामेश्वर दास के इस बड़े संकल्प को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं और रामभक्तों ने अपनी अनन्य सेवाएं दीं। आयोजन समिति और त्यागी आश्रम परिवार ने इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने के लिए सभी प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष सहयोगियों और भक्तराजों का हृदय से आत्मिक आभार व्यक्त किया है।


Leave a Comment