एसटी वर्ग में डॉ. सुमन ने प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान

एमपीपीएससी में मेडिकल ऑफिसर बनीं अंजनियां की डॉ. सुमन

  • एसटी वर्ग में प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान
  • बस कंडक्टर पिता और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मां के संघर्षों ने संवारा बेटी का भविष्य

मंडला महावीर न्यूज 29. बिछिया विधानसभा के अंतर्गत अंजनियां क्षेत्र की प्रतिभाशाली आदिवासी बेटी डॉ. सुमन सैयाम का मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से मेडिकल ऑफिसर के पद पर चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और भाजपा पदाधिकारियों ने उनके निवास पहुंचकर उनका अभिनंदन किया। शिशु रोग विशेषज्ञ व भाजपा नेता डॉ. विजय आनंद मरावी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. सुमन और उनके माता-पिता को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं मिठाई भेंट कर बधाई दी। नेताओं ने कहा कि डॉ. सुमन की यह सफलता पूरे जिले और समाज के लिए गर्व का क्षण है, जो अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

विपरीत परिस्थितियों और आर्थिक अभावों के बीच पाई सफलता 

जानकारी अनुसार डॉ. सुमन सैयाम अंजनियां निवासी बस कंडक्टर परदेशी सैयाम और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता निर्मला सैयाम की सुपुत्री हैं। एक सीमित संसाधनों वाले परिवार से आने वाली सुमन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अंजनियां में ही पूरी की और बाद में इंदौर से उच्च शिक्षा हासिल की। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद माता-पिता ने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कसर नहीं छोड़ी। सुमन ने भी इस भरोसे को कायम रखते हुए परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने सामान्य वर्ग में जहां 86 प्रतिशत अंक अर्जित किए, वहीं अनुसूचित जनजाति वर्ग में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।

आजीविका मिशन और स्व-सहायता समूह का मिला संबल 

डॉ. सुमन की इस सफलता की यात्रा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और स्व-सहायता समूहों का भी एक बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील योगदान रहा। उनकी माता निर्मला सैयाम ने बेटी की पढ़ाई का खर्च और फीस जुटाने के लिए समय-समय पर महिला स्व-सहायता समूह से लोन लेकर आर्थिक व्यवस्था की। इसी सामूहिक सहयोग और परिवार के अटूट समर्पण ने सुमन के डॉक्टर बनने के सपने को सच में बदल दिया।

क्षेत्र के नागरिकों ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं 

सम्मान समारोह के दौरान भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला महामंत्री सुधीर मरावी, संजय मिश्रा, योगेश सोनी, संतोष मूलचंदानी, हेमराज मरावी और पूर्व पार्षद नरेंद्र धुर्वे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता, प्रबुद्ध नागरिक और समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. सुमन सैयाम के उज्ज्वल और सेवाभावी भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह कामयाबी अंचल के ग्रामीण युवाओं में एक नया विश्वास जगाएगी।


रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️


Leave a Comment