ट्राइबल कमिश्नर से मिला टीचर्स एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल
शिक्षकों की 6 सूत्रीय मांगों पर हुई विस्तृत चर्चा
- कमिश्नर तरुण राठी का सकारात्मक रुख
- 3 वर्ष बाद स्वतः समाप्त मानी जाएगी परिवीक्षा
- वेतन रोकना गलत, वरिष्ठता सूची भी जल्द होगी जारी
मंडला महावीर न्यूज 29. ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को ट्राइबल कमिश्नर (आयुक्त) श्री तरुण राठी से सौजन्य भेंट की। बैठक में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डी. के. सिंगौर, प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय शुक्ला एवं हीरानंद नरवरिया ने जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों की 6 सूत्रीय न्यायोचित मांगों को बिंदुवार और विस्तारपूर्वक आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया। चर्चा के दौरान ट्रांसफर तिथि बढ़ाने की मांग को छोड़कर शेष 5 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आयुक्त द्वारा बेहद सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द निराकरण का भरोसा दिया गया।
अवकाश स्वीकृति आदेश की विसंगतियां होंगी दूर, सेवा पुस्तिका संधारण कार्यालय से ही मिलेगी मंजूरी
चर्चा के दौरान अवकाश स्वीकृति अधिकारों के प्रत्यायोजन संबंधी आदेश में मौजूद त्रुटियों को आयुक्त ने सहर्ष स्वीकार किया। उन्होंने माना कि प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी अधिकारियों के लिए कलेक्टर को अधिकारों का प्रत्यायोजन व्यावहारिक रूप से उपयुक्त नहीं है। साथ ही 30 दिवस से अधिक एवं 180 दिवस से कम अवधि के अवकाश की स्वीकृति हेतु सक्षम प्राधिकारी का स्पष्ट उल्लेख न होना एक गंभीर कमी है, जिसे शीघ्र ही संशोधित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि “जिला स्तर” से आशय जिला कैडर के समस्त कर्मचारियों से है तथा शिक्षकों के अवकाश की स्वीकृति उसी सक्षम अधिकारी द्वारा की जाएगी, जहां उनकी सेवा पुस्तिका (सर्विस बुक) संधारित होती है।
परिवीक्षा अवधि स्वतः होगी समाप्त, शत-प्रतिशत वेतन भुगतान के निर्देश
परिवीक्षा अवधि (प्रोबेशन पीरियड) समाप्त न होने और 100% वेतन भुगतान न मिलने के संवेदनशील मुद्दे पर आयुक्त श्री राठी ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि यदि ३ वर्ष की सेवा पूर्ण होने के बाद भी किसी शिक्षक की परिवीक्षा अवधि समाप्त नहीं की गई है और न ही आधिकारिक तौर पर अवधि बढ़ाई गई है, तो ऐसी स्थिति में परिवीक्षा अवधि को ‘स्वतः समाप्त’ माना जाएगा। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि इस आधार पर शिक्षकों का वेतन रोकना सर्वथा अनुचित है और इस संबंध में मैदानी स्तर पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
वरिष्ठता सूची और समयमान वेतनमान पर मिली खुशखबरी
शिक्षकों की पदोन्नति की राह देख रहे उच्च माध्यमिक शिक्षकों के लिए आयुक्त ने अवगत कराया कि वर्ष 2021 की अंतिम वरिष्ठता सूची तथा आगामी वर्षों की प्रावधिक वरिष्ठता सूची शीघ्र ही जारी की जा रही है। जनगणना कार्य में संलग्न रहे शिक्षकों को अर्जित अवकाश (EL) का लाभ देने के संबंध में उन्होंने बताया कि इसके लिए विभाग में पूर्व से ही प्रावधान मौजूद हैं, फिर भी आवश्यकता पड़ने पर पुनः स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही पात्र शिक्षकों को चतुर्थ समयमान वेतनमान का लाभ प्रदान करने के संबंध में विभागीय कार्यवाही प्रचलन में होने की बात कही गई।
सूचीबद्ध तरीके से सौंपे समस्याएं, समय सीमा में होगा समाधान
बैठक के अंत में ट्राइबल कमिश्नर श्री तरुण राठी ने सभी सांगठनिक बिंदुओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र निराकरण का ठोस आश्वासन दिया। उन्होंने एसोसिएशन के पदाधिकारियों से कहा कि प्रदेश में जहां भी और जिस भी स्तर पर शिक्षकों को व्यावहारिक समस्याएं आ रही हैं, उसकी एक स्पष्ट और विस्तृत सूची बनाकर कार्यालय को प्रस्तुत की जाए, ताकि उनका समयबद्ध (टाइम-बाउंड) निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। इस सकारात्मक वार्ता के बाद संगठन ने भी पूरी उम्मीद जताई है कि लंबे समय से लंबित इन विभागीय समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान होगा।









