आजादी के दशकों बाद भी मार्ग विहीन है मुगदरा का बैगा टोला

आजादी के दशकों बाद भी मार्ग विहीन है मुगदरा का बैगा टोला

  • बारिश में वनवास काटने को मजबूर है ग्रामीण
  • गुहार लगाने जनसुनवाई पहुंचे बैगा जनजाति के लोग

मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य मंडला जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति बैगाओं के विकास के लिए सरकार द्वारा करोड़ों रुपये की योजनाएं चलाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत आज भी बेहद चिंताजनक है। नैनपुर जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मुगदरा के राजस्व ग्राम भटिया टोला के वार्ड क्रमांक 18 का बैगा टोला आज भी पूरी तरह से मार्ग विहीन है। पक्की सड़क न होने के कारण यहां के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सबसे बड़ी समस्या बारिश के सीजन में होती है, जब इस मार्ग पर चलना दूभर हो जाता है। पूरा मार्ग दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे यहां के बच्चों, बूढ़ो समेत सभी ग्रामीणों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए सहमे हुए ग्रामीण फिर मंगलवार को अपनी इस गंभीर समस्या को लेकर सीधे मंडला कलेक्टर के पास गुहार लगाने पहुंचे।

200 की आबादी के पास नहीं है पहुंच मार्ग, बंद हो जाती है बच्चों की शिक्षा 

ग्राम भटिया टोला के इस बैगा बाहुल्य वार्ड में करीब 15 से 20 घर हैं, जिनकी जनसंख्या करीब 200 के आसपास है और यहाँ शत-प्रतिशत विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति के लोग निवास करते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पहुंच मार्ग न होने के कारण हर साल बारिश के चार महीनों में इस टोले का संपर्क मुख्य मार्गों से पूरी तरह टूट जाता है और लोगों को एक प्रकार का वनवास काटना पड़ता है। इस बदहाली का सबसे बुरा असर बच्चों के भविष्य पर पड़ रहा है। बारिश के दिनों में रास्ते में कीचड़ और जलभराव के कारण न तो बड़े बच्चे स्कूल जा पाते हैं और न ही छोटे-छोटे बच्चे आंगनबाड़ी पहुंच पाते हैं, जिससे उनकी शिक्षा बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

सालों से मिल रहा है सिर्फ आश्वासन 

शासन की नियम-प्रणाली के तहत हर गाँव में बिजली, सड़क और पानी जैसी संवेदनशील योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन इस बैगा बाहुल्य के टोला में आज दिनांक तक मार्ग का निर्माण नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि कई बार मार्ग निर्माण के जनप्रतिनिधियों से निवेदन कर चुके है, लेकिन इस ओर किसी का ध्यान नहीं है। स्थानीय प्रशासनिक अमला मूकदर्शक बना हुआ है। स्थानीय सरपंच और जनप्रतिनिधियों से कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन हर बार ग्रामीणों को सिर्फ कोरा आश्वासन ही हाथ लगा।

कलेक्टर से मांग, बारिश शुरू होने से पहले बने पक्की सड़क 

बताया गया कि बारिश का सीजन बेहद नजदीक आ गया है, इसलिए ग्रामीण समय रहते अपनी गुहार लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे हैं। सौंपे गए आवेदन में बैगा जनजाति के लोगों ने मांग की है कि भटिया टोला के वार्ड क्रमांक 18 में रामकुमार के मकान से लेकर रामनाथ बैगा के मकान तक तत्काल पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए। आवेदन सौंपने के दौरान पंचों सहित ओमप्रकाश, वज्रलाल, चैनीबाई, ज्ञानवती बाई, सज्जन सिंह, श्याम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।


Leave a Comment