मंडला के मोहित ने बढ़ाया जिले का मान

आईआईटी जोधपुर से एमटेक की उपाधि से हुए सम्मानित

  • मंडला के मोहित ने बढ़ाया जिले का मान
  • इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस सोमनाथ की मौजूदगी में संपन्न हुआ दीक्षांत समारोह

मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय सिविल लाइन, तिलक वार्ड मंडला निवासी मोहित खोत ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करते हुए एक गौरवपूर्ण सफलता हासिल की है। मोहित खोत ने देश के बेहद प्रतिष्ठित संस्थान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जोधपुर से अपनी एमटेक की उपाधि वर्ष 2026 के भव्य दीक्षांत समारोह में सफलतापूर्वक प्राप्त की है।मेधावी छात्र मोहित खोत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के अंतर्गत 10वीं एवं 12वीं की पढ़ाई मोन्टफोर्ट स्कूल, मंडला से पूर्ण की थी। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा की ओर कदम बढ़ाते हुए बीटेक की डिग्री जेपी यूनिवर्सिटी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, गुना से सफलतापूर्वक पूरी की। अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने देश के शीर्ष संस्थान ढ्ढढ्ढञ्ज में दाखिला लिया और अब एम.टेक. की मानद उपाधि हासिल की है।

इसरो और यूपीएससी के दिग्गजों की उपस्थिति में मिला सम्मान 

जोधपुर राजस्थान में आयोजित इस दीक्षांत समारोह में देश की कई महान विभूतियों ने शिरकत की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस सोमनाथ व संघ लोक सेवा आयोग, भारत सरकार के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार उपस्थित रहे। समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में यूआईडीएआई के अध्यक्ष नीलकंठ मिश्रा, भारतीय विज्ञान संस्थान बेंगलुरु के निदेशक प्रो. गोविंदन रंगराजन, राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और जोधपुर के पुलिस आयुक्त शरत कविराज मंच पर आसीन रहे। इन राष्ट्रीय स्तर के दिग्गजों की उपस्थिति में मोहित को उपाधि से नवाजा गया।

जिले भर से मिल रही हैं बधाइयां 

मोहित खोत नगर के प्रतिष्ठित नागरिक एवं एमपीईबी मंडला में अपनी सेवाएं दे रहे मदन खोत एवं श्रीमती दीपाली खोत के सुपुत्र हैं। मोहित की इस ऐतिहासिक सफलता ने न केवल उनके परिवार को बल्कि संपूर्ण मंडला जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर उनके मित्रों, परिजनों, शिक्षकों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।


रिपोर्टर- रितेश पमनानी


Leave a Comment