रामधुन में अन्नदान कर दुखियों की सेवा का लिया संकल्प

माहिष्मति घाट रामधुन में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष शिव तिवारी

रामधुन में अन्नदान कर दुखियों की सेवा का लिया संकल्प

  • सवा सौ क्विंटल अन्नदान का लिया संकल्प
  • मां नर्मदा की महाआरती में हुए शामिल
  • नवनियुक्त संत जिला अध्यक्ष स्वामी सच्चिदानंद जी का हुआ स्वागत
  • वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को पहनाई चप्पलें, बांटे फल और मिष्ठान

मंडला महावीर न्यूज 29। राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद समाज कल्याण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री शिव तिवारी का मंडला नगर में प्रथम आगमन हुआ। उनके आगमन पर पत्रकार परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विश्राम गृह (रेस्ट हाउस) में पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने परिषद के सदस्यों के साथ समाज कल्याण से जुड़े विभिन्न सेवाभावी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

सवा सौ क्विंटल अन्नदान का लिया संकल्प 

विश्राम गृह में चर्चा के उपरांत श्री तिवारी अपने परिजनों एवं परिषद के सदस्यों के साथ मां नर्मदा के पावन तट माहिष्मति घाट पहुंचे। यहाँ माहिष्मति ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा उनका शॉल-श्रीफल से सम्मान किया गया। गौरतलब है कि पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर माहिष्मती घाट पर सात दिवसीय श्रीराम धुन संकीर्तन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। श्री तिवारी ने अंजनिया वाले पूज्य रामेश्वर दास महाराज जी के सानिध्य में चल रहे इस संकीर्तन में भाग लेकर रामधुन का श्रवण किया। इसके साथ ही उन्होंने सेवा भाव की अनूठी मिसाल पेश करते हुए श्रद्धापूर्वक सवा सौ क्विंटल अन्नदान का संकल्प पूर्ण किया, जिसके तहत फल, मिष्ठान एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण कर पुण्य लाभ अर्जित किया गया।

वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की सेवा, अपने हाथों से पहनाईं चप्पलें

धार्मिक अनुष्ठानों के बीच प्रदेश अध्यक्ष तिवारी अपनी टीम के साथ स्थानीय वृद्धाश्रम पहुंचे। वहाँ उन्होंने निवासरत बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। वृद्धजनों का सम्मान करते हुए उन्होंने फल और मिठाइयों का वितरण किया तथा अपने हाथों से बुजुर्गों को चप्पलें पहनाईं। बुजुर्गों ने इस सेवा भाव से भावविभोर होकर पूरी टीम को दिल से आशीर्वाद दिया।

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष का किया सम्मान

शाम को श्री तिवारी पुनः माहिष्मती घाट पहुंचे और माँ नर्मदा की सुप्रसिद्ध ‘पंचचौंकी महाआरती’ में सम्मिलित हुए। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और दीपों की अलौकिक आभा के बीच उन्होंने मां नर्मदा का पूजन कर लोक-कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की। इसी दौरान माहिष्मति घाट पर अखिल भारतीय संत समिति के नवनियुक्त मंडला जिला अध्यक्ष स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज (देव बप्पा सेवा आश्रम) का आगमन हुआ, जिनका प्रदेश अध्यक्ष शिव तिवारी द्वारा आत्मीय स्वागत-वंदन किया गया।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश 

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता राजेश क्षत्री ने प्रदेश अध्यक्ष के हाथों मटकियों (सकोरों) में जल भरवाकर पक्षियों व जीव-जंतुओं की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अपने उद्बोधन में शिव तिवारी ने कहा कि बनारस, उज्जैन और जबलपुर के ग्वारीघाट की तर्ज पर विकसित की गई यह पंच चौकी महाआरती अब मंडला जिले की सांस्कृतिक विरासत और पहचान बन चुकी है।

इस संपूर्ण गरिमामय आयोजन के दौरान राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद के जिला अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, अनमोल अग्रवाल, रोहित बघेल, सुधीर कांसकार, किशोर रजक, राजेश दीक्षित, दीपक कछवाहा, उमा यादव, संध्या शिवहरे, दीप्ति नरेलिया, सीता परतेती, सुनीता सैयाम और पं. संतोष तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भव्य भंडारे और महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ।


Leave a Comment