मंडला-जबलपुर मार्ग में रोजाना शाम को लग रही वाहनों की कतारें, राहगीर परेशान
- सड़क पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से सरकारी प्रयासों पर फिरा पानी
- कलेक्टर के सौंदर्यीकरण अभियान के बाद भी विभाग मौन
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के प्रमुख और व्यस्ततम यातायात मार्गों में शामिल बिंझिया तिराहा इन दिनों रोजाना शाम को लगने वाले भीषण जाम के कारण आम जनता के लिए सिरदर्द बन चुका है। सड़क किनारे दुकानों का सामान फैलाने और मुख्य मार्ग पर ही बेतरतीब ढंग से वाहनों की पार्किंग किए जाने के कारण यहाँ हर दिन यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो रही है। हैरान करने वाली बात यह है कि सब कुछ जानते हुए भी जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या पर आँखें मूँदे बैठे हैं।
व्यापारिक प्रतिष्ठानों का सड़क पर कब्जा, शाम होते ही थम रही रफ्तार
स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने आरोप लगाते हुए कहा कि तिराहे के पास स्थित दो बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा हमेशा घिरा रहता है। दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे रेडीमेड कपड़े व अन्य सामान फैलाकर रख दिया जाता है, वहीं यहाँ आने वाले ग्राहकों के वाहन भी बीच सड़क पर ही पार्क करा दिए जाते हैं। इसके चलते शाम के समय मंडला-जबलपुर मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है, जिससे एम्बुलेंस सहित अन्य आवश्यक वाहन भी फंस रहे हैं।
प्रशासनिक चुप्पी पर उठे सवाल, शिकायतें भी बेअसर
क्षेत्रवासियों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि यातायात विभाग, पुलिस प्रशासन, राजस्व विभाग और जिला उद्योग विभाग जैसे जिम्मेदार महकमों के नाक के नीचे यह सब रोज हो रहा है, फिर भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। लोगों का कहना है कि यातायात पुलिस की गाडिय़ां दिन में कई बार इस मार्ग से गुजरती हैं, लेकिन वे इन अवैध अतिक्रमणों और सड़क पर खड़े वाहनों को देखकर भी अनदेखा कर देती हैं, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
सुगम यातायात के दावों को ठेगा
बताया गया कि हाल ही में मंडला कलेक्टर के कड़े निर्देश पर इस पूरी सड़क का चौड़ीकरण और डामरीकरण कराकर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य शहर के यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाना था। लेकिन अब कुछ रसूखदारों द्वारा सार्वजनिक सड़क को अपनी निजी जागीर समझकर कब्जा कर लिया गया है, जिससे जिला प्रशासन के सुशासन के प्रयासों पर पानी फिरता दिखाई दे रहा है। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने कलेक्टर से मांग की है कि बिंझिया तिराहे पर तत्काल विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए, जिससे जनता को इस रोज-रोज के जाम से मुक्ति मिल सके।









