5 साल में ही उखड़ी प्रधानमंत्री सड़क, गड्डों में हो गई तब्दील

प्रधानमंत्री सड़क मरम्मत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति

जनपद अध्यक्ष आसाराम के दौरे में खुली पोल, अधिकारियों को लिखा पत्र

  • 5 साल में ही उखड़ी प्रधानमंत्री सड़क, गड्डों में हो गई तब्दील
  • सूचना बोर्डों से गायब हैं बजट और समय-सीमा

मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित नारायणगंज ब्लाक के बबलिया मार्ग से छाटा टोला होते हुए बरबटी पहुंच मार्ग भ्रष्टाचार और अनदेखी की भेंट चढ़ गया है। मरम्मत के नाम पर विभाग द्वारा सिर्फ कागजी खानापूर्ति करने का मामला सामने आया है। नारायणगंज विकासखंड के जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीया ने जब क्षेत्र का सघन दौरा किया, तब ग्रामीणों ने सड़क की इस बदहाली से उन्हें अवगत कराया।ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई थी, जो अपनी 5 साल की गारंटी अवधि के भीतर ही जगह-जगह से पूरी तरह टूट चुकी है। सड़क के साइड शोल्डर उखड़ चुके हैं और डामरीकरण पूरी तरह गायब होने से राहगीरों को सिर्फ गिट्टियां और गहरे गड्ढे ही नजर आ रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते से कई बार मौखिक व लिखित निवेदन किया, लेकिन अधिकारियों ने धरातल के बजाय केवल कागजों पर ही मरम्मत कार्य पूरा दिखा दिया। वर्तमान में यह मार्ग आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं को खुला निमंत्रण दे रहा है।

सूचना बोर्डों से लागत और दूरी गायब, योजनाओं को लगाया जा रहा पलीता 

जनपद अध्यक्ष के निरीक्षण के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ। पहुंच मार्ग पर विभाग द्वारा जो सूचना बोर्ड लगाए गए हैं, उनमें सड़क की निर्माण लागत, दूरी और समय-सीमा का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। खाली पड़े ये बोर्ड साफ गवाही दे रहे हैं कि निर्माण एजेंसी और ठेकेदार द्वारा शासन की पारदर्शी योजनाओं को पलीता लगाने का काम बड़े पैमाने पर चल रहा है।

जनपद अध्यक्ष ने कलेक्टर और अधिकारियों से की अविलंब मरम्मत की मांग 

मौके पर सड़क की जर्जर स्थिति का बारीकी से अवलोकन करने के बाद जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीया ने ग्रामीणों की जायज मांगों को गंभीरता से लिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री सड़क योजना के संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए पत्र लिखा है। इसके साथ ही उन्होंने मंडला कलेक्टर से विशेष आग्रह किया है कि आगामी बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग का मरम्मत कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ पुन: कराया जाए, जिससे ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके और बारिश के दिनों में किसी भी प्रकार की अप्रिय जनहानि या अनहोनी को टाला जा सके।


Leave a Comment