पावन माहिष्मति घाट पर गूंज रही श्रीराम धुन
पुरुषोत्तम मास पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्तिमय हुआ नर्मदा तट
- अंजनिया वाले गुरुजी के सानिध्य में सात दिवसीय अनुष्ठान
- रामकीर्तन का आनंद लेने महाराष्ट्र से भी मंडला पहुंच रहे श्रद्धालु
मंडला महावीर न्यूज 29. मां नर्मदा के पावन तट माहिष्मति घाट पर इन दिनों आस्था, समर्पण और सुरों का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। पुरुषोत्तम मास के परम पवित्र अवसर पर यहाँ सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम धुन का भव्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है। इस अनुष्ठान के चौथे दिन रामधुन संकीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी हाजिरी लगाई और प्रभु भक्ति का आनंद लिया।
बताया गया है कि इस सात दिवसीय श्रीराम धुन का आयोजन फट्टी वाले बाबा के परम शिष्य अंजनिया वाले गुरुजी के दिव्य सानिध्य और कुशल मार्गदर्शन में किया जा रहा है। संगीतमय और सुमधुर प्रस्तुतियों के बीच शुरू हुई इस रामधुन का रसपान करने के लिए प्रतिदिन सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु माहिष्मति घाट पहुंच रहे हैं। सुरीले भजनों और अनवरत चलते राम नाम के संकीर्तन से पूरे घाट क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह से राममय और भक्तिमय हो गया है।
महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं और परिक्रमावासियों का अनूठा संगम
पुरुषोत्तम मास के इस विशेष महात्म्य पर न केवल स्थानीय बल्कि अन्य राज्यों के श्रद्धालु भी मंडला पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से महाराष्ट्र से आए बड़ी संख्या में भक्त मां नर्मदा के पवित्र जल में स्नान कर रामधुन में सम्मिलित हो रहे हैं। इसके साथ ही मां नर्मदा की कठिन पंचकोसी परिक्रमा पूरी करने वाले परिक्रमावासी भी विश्राम के दौरान इस रामधुन में शामिल होकर भावविभोर होकर कीर्तन कर रहे हैं। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय समितियों और नर्मदा भक्तों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है।









