माँ नर्मदा की धरा पर संत शक्ति का विराट संगम

घाघा आश्रम में संतों का महामंथन

माँ नर्मदा की धरा पर संत शक्ति का विराट संगम

  • स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज बने अखिल भारतीय संत समिति के नए जिला अध्यक्ष
  • सनातन धर्म, गौ सेवा और पर्यावरण संरक्षण के लिए एकजुट होगी संत शक्ति, हुआ विशाल भंडारा

मंडला महावीर न्यूज 29. माँ नर्मदा की पावन धरा मंडला में संत शक्ति का भव्य और ऐतिहासिक संगम देखने को मिला। अखिल भारतीय संत समिति के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगद्गुरु नरसिंह पीठाधीश्वर जबलपुर, प्रदेश उपाध्यक्ष पूज्य बालकदास जी महाराज तथा पूज्य राम की शरण महाराज के गरिमामय सानिध्य में एक विशाल संत सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देव बप्पा सेवा आश्रम सहित समस्त संत समाज और नर्मदा भक्तों ने पधारे हुए उच्च संतों का वैदिक परंपराओं के अनुरूप आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया।थाना क्षेत्र के अंतर्गत निर्भय सेवा आश्रम घाघा में आयोजित अखिल भारतीय संत समिति की इस महत्वपूर्ण बैठक में मंडला एवं डिंडोरी जिले के कोने-कोने से आए संत-महात्माओं ने सहभागिता की। सम्मेलन के दौरान सनातन धर्म के संरक्षण, गौ माता की सेवा, पर्यावरण संवर्धन, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्र निर्माण में संत समाज की भूमिका पर गहन चिंतन-मंथन किया गया। संतों ने अपने उद्बोधन में कहा कि सनातन धर्म केवल एक पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि मानवता, करुणा, प्रकृति संरक्षण और राष्ट्र चेतना का शाश्वत जीवन दर्शन है। वर्तमान समय की चुनौतियों के बीच आध्यात्मिक मूल्यों की रक्षा के लिए संतों की एकजुटता पर विशेष बल दिया गया।

स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज को सौंपी गई जिले की कमान 

प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन और उपस्थित संत समाज की सर्वसम्मति से देव बप्पा सेवा आश्रम के पूज्य स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज को अखिल भारतीय संत समिति का मंडला जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया। अपनी इस नई जिम्मेदारी पर हर्ष व्यक्त करते हुए स्वामी सच्चिदानंद जी ने कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका निर्वहन वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव से करेंगे। वे जिले में सनातन संस्कृति के उत्थान और समाज कल्याण के कार्यों के लिए सतत प्रयासरत रहेंगे।

विशाल भंडारे और संत सम्मान के साथ संपन्न हुआ समागम 

इस भव्य समागम में पूज्य स्वामी प्रेमानंद महाराज (निर्भय सेवा आश्रम घाघा), पूज्य रामदास महाराज (मोहनदास आश्रम सहस्त्रधारा), योगी रामेश्वरम नाथ जी महाराज, साध्वी मनीषा दीदी, साध्वी ललिता दीदी, विश्व हिंदू परिषद के धर्माचार्य संपर्क प्रमुख मुन्ना पांडे तथा जबलपुर से आए पूज्य शंकरदास महाराज सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी और श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर आश्रम में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें संतों और श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान समाज की सुख-समृद्धि के लिए संतों का विशेष सम्मान और वंदन भी किया गया।


Leave a Comment