बीजाडांडी के ग्राम कालपी में सैलून दुकान में लगी भीषण आग
सुबह-सुबह धू-धू कर जली दुकान, सारा सामान खाक
- स्कूल मोहल्ला शिव मंदिर के पास हुआ हादसा
- संचालक को सूचना मिलने से पहले जलकर खाक हुई दुकान, पुलिस जांच में जुटी
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कालपी में अगजनी की घटना हुई। बताया गया कि शनिवार की सुबह स्कूल मोहल्ला स्थित शिव मंदिर के समीप संचालित एक सैलून की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चंद ही पलों में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी अनुसार शनिवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने दुकान से आग की ऊंची लपटें और धुआं उठते देखा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की तत्काल सूचना दुकान संचालक सुनील सेन को दी। लेकिन जब तक संचालक और अन्य लोग मौके पर पहुंचते और आग पर काबू पाने का प्रयास करते, तब तक काफी देर हो चुकी थी। भीषण आग के कारण दुकान के भीतर रखा सारा कीमती सामान, फर्नीचर और उपकरण पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। इस हादसे में पीडि़त दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
तड़के हुए इस हादसे से प्रभावित क्षेत्र में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। सैलून की दुकान में यह आग किन कारणों से लगी, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि दुर्घटना के पीछे शॉर्ट सर्किट एक वजह हो सकती है। फिलहाल घटना की सूचना मिलने के बाद बीजाडांडी थाना पुलिस ने मौके का मुआयना कर मामले को दर्ज कर लिया है और आग लगने के सही कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।









