नर्मदा तट पर पुलिस और जन शिक्षण संस्थान का महा-श्रमदान
हर श्रद्धालु स्नान से पहले 20 मिनट दे मां नर्मदा में श्रमदान
- विश्व पर्यावरण दिवस पर पुलिस और आम जनता ने ली शपथ
- नर्मदा तट पर पुलिस का श्रमदान
- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने की घाटों पर साबुन-पॉलिथीन न लगाने की अपील
मंडला महावीर न्यूज 29। विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर जिला पुलिस विभाग और जन शिक्षण संस्थान (JSS) मंडला द्वारा संयुक्त रूप से माँ नर्मदा के तट पर व्यापक स्वच्छता अभियान, श्रमदान एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत सुबह शुरू हुए इस कार्यक्रम में पुलिस बल, संस्थान के अधिकारियों, प्रशिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने स्वयं उठाया कचरा, की विशेष अपील
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा ने स्वयं घाटों पर श्रमदान कर पॉलिथीन और अपशिष्ट एकत्र किया। उन्होंने नर्मदा तटों पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे माँ नर्मदा के घाटों पर पॉलिथीन, शैंपू और साबुन का उपयोग बिल्कुल न करें। उन्होंने एक अनूठी मुहिम का आह्वान करते हुए कहा कि नर्मदा में स्नान करने वाला हर व्यक्ति नहाने से ठीक पहले घाट की सुरक्षा और सफाई के लिए कम से कम 20 मिनट का श्रमदान अवश्य करे, ताकि जीवनदायिनी नर्मदा को स्वच्छ रखा जा सके। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि प्रदूषण, वनों की कटाई और जल संकट जैसी चुनौतियाँ मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा हैं, जिनसे निपटने के लिए आज ही जागना होगा।
पर्यावरण विशेषज्ञों और प्रबुद्धजनों ने साझा किए विचार
इस मौके पर पर्यावरण विशेषज्ञ श्री राजेश क्षत्रिय ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल एक दिन का औपचारिक अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक और दैनिक जिम्मेदारी है। जन शिक्षण संस्थान के निदेशक श्री अखिलेश पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों से आम जनता में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव जागृत होता है।
सामूहिक शपथ के साथ संपन्न हुआ अभियान
श्री सुनील कुमार नागवंशी के मार्गदर्शन और श्री राजेश क्षत्री के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित समस्त पुलिस बल, पतंजलि योग समिति, जनजाति कौशल विकास समिति, रेड क्रॉस और जन शिक्षण संस्थान के स्टाफ सहित स्थानीय स्नान करने वाली जनता को पर्यावरण और जल स्रोतों के संवर्धन की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजानंद नागफाड़े, श्री दिवाकर द्विवेदी, श्री युगल प्रकाश द्विवेदी, श्रीमती शमशाद बेगम, श्रीमती श्रद्धा चौबे, श्रीमती नगमा बेगम, श्री गणेश, श्री विवेक कुमार, श्री राकेश सिंधिया, श्री रामकृष्ण धुर्वे, श्री प्रमोद परमार, श्री देवेंद्र केरिया एवं सोहन सोनी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों का विशेष सहयोग रहा।









