मंडला की बेटी निहारिका उइके ने गोवा में लहराया परचम
जीता ‘मिसेज इंडिया यूनिवर्स 2026’ फर्स्ट रनर-अप का खिताब
- प्रतिभा और आत्मविश्वास के दम पर देश की मॉडल्स को पछाड़ा
- शिक्षिका और इन्फ्लुएंसर निहारिका ने माहिष्मती नगरी को किया गौरवान्वित
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक माहिष्मती नगरी मंडला के नाम एक और सुनहरी और गौरवशाली उपलब्धि जुड़ गई है। जिला मुख्यालय के बिनेका रोड, एकता कॉलोनी की निवासी मिसेज निहारिका उइके ने गोवा में आयोजित प्रतिष्ठित नेशनल पेजेंट फैशन शो में ‘मिसेज इंडिया यूनिवर्स 2026’ का फर्स्ट रनर-अप का खिताब अपने नाम किया है।
देशभर की प्रतिभागियों को मात देकर हासिल किया मुकाम
एस.एस. फाउंडेशन द्वारा गोवा में ‘मिसेज एंड मिस इंडिया इंटरनेशनल 2026’ (सीजन-5) का भव्य आयोजन किया गया था। दो दिनों तक चले इस प्रतिष्ठित पेजेंट शो में देश के विभिन्न राज्यों और हिस्सों से आई कई चुनिंदा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इस कड़े मुकाबले में मंडला का प्रतिनिधित्व कर रही निहारिका उइके ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा, उच्च शिक्षा, कुशाग्र बुद्धिमत्ता और अद्भुत आत्मविश्वास के दम पर जजेस का दिल जीत लिया और देश भर की मॉडल्स को पीछे छोड़ते हुए यह ऐतिहासिक गौरव हासिल किया।
बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं निहारिका
आपको बता दें कि निहारिका उइके बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं। वे एक शासकीय शिक्षिका (गवर्नमेंट टीचर) के रूप में अपनी सेवाएं देने के साथ-साथ एक सफल मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी हैं। वे हमेशा से ही सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रही हैं। गोवा में मिली इस बड़ी कामयाबी के बाद निहारिका अब राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान बनाने और मंडला का नाम रोशन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
क्षेत्र और परिवार में खुशी की लहर
फैशन शो के ग्रैंड फिनाले में निहारिका उइके को आधिकारिक रूप से ‘मिसेज इंडिया यूनिवर्स फर्स्ट रनर-अप 2026’ घोषित कर प्रतिष्ठित ताज और सम्मान से नवाजा गया। उनकी इस अभूतपूर्व सफलता से उनके परिवार, मित्रों और पूरे मंडला जिले में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के प्रबुद्धजनों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें इस स्वर्णिम उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।









