भोलेनाथ का सरसों तेल से हुआ विशेष रुद्राभिषेक

अद्भुत संयोग-भागवत ज्ञान यज्ञ के साथ समानांतर चल रहा शिव आराधना का महाअनुष्ठान

भोलेनाथ का सरसों तेल से हुआ विशेष रुद्राभिषेक

  • श्रीमद् भागवत कथा में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
  • पुरुषोत्तम मास में बड़ी संख्या में उमड़ रहीं महिलाएं

मंडला महावीर न्यूज 29.  ग्राम पंचायत देवदरा के राजीव कॉलोनी झंडा चौक में सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति की महिला मंडल द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ के दौरान भक्ति और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। यहाँ कथा के पांचवें दिन सुबह के सत्र में भगवान भोलेनाथ का अत्यंत दुर्लभ और विशेष रुद्राभिषेक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इस पावन अवसर पर प्रसिद्ध पुराण वाचक पंडित कुलदीप महाराज के सानिध्य में श्रद्धालुओं, विशेषकर मातृशक्ति ने भगवान शिव का राई (सरसों) के तेल से विशेष अभिषेक किया।

महादेव का हुआ श्रृंगार और अभिषेक

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कराए गए इस विशेष पूजन में क्षेत्र की बड़ी संख्या में माताएं और बहनें शामिल हुईं। सरसों के तेल से अभिषेक करने के साथ ही उपस्थित महिलाओं ने वेदोक्त मंत्रोच्चार के बीच भोलेनाथ को दूध, दही, घृत (घी), शहद, भस्म, कमलगट्टा, भांग, विभिन्न प्रकार की दालें, धतूरा और प्रिय बेलपत्र अर्पित किए। पूरी विधि-विधान से संपन्न हुए इस पूजन के दौरान पूरा पंडाल और आसपास का क्षेत्र “हर-हर महादेव” और “ओम नमः शिवाय” के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

पुरुषोत्तम मास में दोगुने फल की प्राप्ति

कथा समिति और स्थानीय प्रबुद्धजनों ने बताया कि इस बार इस धार्मिक महोत्सव की सबसे खास बात यह है कि अधिकमास (पुरुषोत्तम मास) के पावन महीने में इस भव्य आयोजन का संयोग बना है। शास्त्रों में वर्णित है कि पुरुषोत्तम मास में श्रीमद् भागवत पुराण कथा श्रवण के साथ-साथ यदि समानांतर रूप से रुद्राभिषेक किया जाए, तो उसका फल कई गुना बढ़कर प्राप्त होता है। इसी पावन संयोग को ध्यान में रखते हुए महिला मंडल द्वारा प्रतिदिन सुबह के समय वेदोक्त पद्धतियों से यह समानांतर अनुष्ठान कराया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह शिवमय और कृष्णमय हो गया है। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय समितियों और समस्त क्षेत्रवासियों का सराहनीय योगदान मिल रहा है।


Leave a Comment