न दूरी का पता, न ठेकेदार का, सूचना बोर्ड भी गायब

नारायणगंज में नाला बनी प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क

जनपद अध्यक्ष आसाराम ने किया निरीक्षण, प्रशासन से की शीघ्र सुधार की मांग

  • चिमका टोला मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त
  • न दूरी का पता, न ठेकेदार का, सूचना बोर्ड भी गायब

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के अंतर्गत आने वाले पडतलाई-नैझर मुख्य मार्ग से चिमका टोला पहुंच प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। स्थिति यह है कि पिछले दिनों हुई बारिश के बाद यह सड़क पूरी तरह कटकर नाले के रूप में तब्दील हो गई है। विभागीय अधिकारियों की घोर लापरवाही के चलते अब तक मौके का न तो कोई अवलोकन किया गया है और न ही सुधार कार्य शुरू हुआ है, जिससे ग्रामीण जनों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बताया गया कि ग्रामीणों की इस समस्या को संज्ञान में लेते हुए जनपद पंचायत नारायणगंज अध्यक्ष आसाराम भारतीया ने चिमका टोला पहुंचकर इस क्षतिग्रस्त सड़क का जमीनी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि सड़क की हालत बेहद खस्ता हो चुकी है। यदि समय रहते इसका सुधार कार्य नहीं कराया गया, तो इस बार की वर्षा ऋतु में ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बंद हो जाएगा और लोग बड़ी दुर्घटनाओं के शिकार हो सकते हैं।

संबंधित विभाग को पत्र लिखकर तत्काल मरम्मत की मांग 

जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से सड़क निर्माण व मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि यदि मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने से पहले इस मार्ग को दुरुस्त नहीं किया गया, तो चिमका टोला का संपर्क बाकी क्षेत्रों से पूरी तरह कट जाएगा।

सूचना बोर्ड गायब, जानकारी छुपाने का आरोप 

इस प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क के निर्माण में भारी पारदर्शिता की कमी भी सामने आई है। नियमों के विपरीत निर्माण स्थल पर कहीं भी सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है। बोर्ड न होने के कारण ग्रामीणों से महत्वपूर्ण जानकारियां छुपाई जा रही हैं, जैसे कि इस सड़क निर्माण की कुल दूरी कितनी है, इसकी निर्माण अवधि कब शुरू हुई और कब खत्म हुई, तथा इसकी गारंटी व मरम्मत की अंतिम समय-सीमा कब तक है। ग्रामीणों और जनपद अध्यक्ष ने इस विषय पर भी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।


Leave a Comment