बिछिया के करंजिया में बड़ा हादसा
निर्माणाधीन ट्रीटमेंट प्लांट में लोहे का भारी एंगल गिरने से गार्ड की मौत, एक मजदूर गंभीर
- जल प्रदाय योजना के निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी
- हादसे के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
- कंपनी पर लापरवाही के आरोप
मंडला महावीर न्यूज 29. थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम करंजिया में स्थित एक निर्माणाधीन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में बुधवार की दोपहर एक हृदय विदारक हादसा सामने आया है। निर्माण कार्य के दौरान क्रेन से एक भारी-भरकम लोहे का एंगल अचानक नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, काम कर रहा एक अन्य युवा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। घायल को आनन-फानन में जिला अस्पताल मंडला में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हालोन बांध जल प्रदाय परियोजना के तहत चल रहा था काम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश जल निगम की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत हालोन बांध से बिछिया, मोहगांव और मवई विकासखंड के सैकड़ों ग्रामीण इलाकों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के लिए व्यापक जल प्रदाय योजना का काम चल रहा है। इसी परियोजना के तहत ग्राम करंजिया में जल शोधन संयंत्र (ट्रीटमेंट प्लांट) का निर्माण किया जा रहा है, जिसका ठेका कल्पतरू प्रोजेक्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड कंपनी के पास है।
क्रेन से छूटा भारी एंगल, चपेट में आए कर्मचारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार दोपहर को प्लांट में काम हमेशा की तरह चल रहा था। इसी दौरान क्रेन के माध्यम से लोहे के भारी-भरकम एंगल को शिफ्ट किया जा रहा था, जो अचानक अनियंत्रित होकर सीधे नीचे आ गिरा। उस वक्त नीचे कई मजदूर और गार्ड तैनात थे। इस भारी एंगल की सीधी चपेट में आने से ग्राम करंजिया निवासी गार्ड प्रहलाद झरिया (40 वर्ष) की घटना स्थल पर ही सांसें थम गईं। वहीं, पास ही काम कर रहा रंजीत साहू (20 वर्ष) गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल घायल रंजीत को जिला अस्पताल भिजवाया। घटना की सूचना मिलते ही बिछिया थाना पुलिस भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सुरक्षा व्यवस्थाओं और मानकों पर ग्रामीणों ने उठाए गंभीर सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और साथी मजदूरों में ठेका कंपनी के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। ऊंचाई और जोखिम भरे कामों में लगे मजदूरों को हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट और सुरक्षा जूते जैसे बुनियादी उपकरण तक मुहैया नहीं कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही, ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने की बात भी कही है। फिलहाल बिछिया पुलिस ने मामले को जांच में लिया है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।









