ध्रुव चरित्र और भक्त प्रहलाद का प्रसंग सुन श्रद्धालु हुए भाव-विभोर

ध्रुव चरित्र और भक्त प्रहलाद का प्रसंग सुन श्रद्धालु हुए भाव-विभोर

राजीव कॉलोनी झंडा चौक में भागवत कथा की बह रही बयार

  • पंडित कुलदीप महाराज कर रहे श्रीमद् भागवत कथा का वाचन
  • दोपहर में श्रीकृष्ण लीलाओं का रसपान, तो सुबह गूंज रहा हर-हर महादेव

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम पंचायत देवदरा अंतर्गत आने वाले राजीव कॉलोनी, झंडा चौक में इन दिनों भक्ति और आध्यात्म की अविरल गंगा बह रही है। यहाँ सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति की महिला मंडल द्वारा सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य धार्मिक आयोजन कराया जा रहा है। इस पावन कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक देवगाँव वाले पंडित कुलदीप महाराज कर रहे हैं। उनके मुखारविंद से बरस रहे भजनों और भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य व अलौकिक लीलाओं के वर्णन को सुनकर पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।कथा के तीसरे दिन व्यासपीठ से पुराण वाचक पंडित कुलदीप महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को ध्रुव चरित्र का अत्यंत भावपूर्ण और विस्तार से श्रवण कराया। उन्होंने बताया कि कैसे बालक धु्रव ने अपनी सौतेली माता के कटु वचनों से आहत होकर, लेकिन अपनी अटूट श्रद्धा और दृढ़ संकल्प के बल पर घने जंगलों में कठिन तपस्या की। बालक धु्रव की निष्काम और कठोर भक्ति से प्रसन्न होकर स्वयं भगवान नारायण को उन्हें दर्शन देने के लिए विवश होना पड़ा। महाराज जी ने इस प्रसंग के माध्यम से समाज को संदेश दिया कि यदि मनुष्य के भीतर दृढ़ संकल्प और ईश्वर के प्रति सच्ची निष्ठा हो, तो वह किसी भी कठिन परिस्थिति पर विजय प्राप्त कर परम पद को पा सकता है।

भक्त की रक्षा के लिए प्रकट हुए प्रभु 

इसी क्रम में कथा व्यास ने भक्त प्रहलाद के पावन प्रसंग को भी विस्तार से श्रोताओं के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि किस प्रकार हिरण्यकश्यप के अत्याचारों और यातनाओं के बीच भी बालक प्रहलाद का भगवान विष्णु के प्रति विश्वास रत्ती भर भी कम नहीं हुआ। भगवान ने अपने अनन्य भक्त प्रहलाद की रक्षा के लिए खंभे से नरसिंह रूप में प्रकट होकर अधर्म का नाश किया। इस प्रसंग को सुनकर पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

रुद्राभिषेक में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ 

इस धार्मिक महोत्सव की खास बात यह है कि भागवत कथा के साथ इस पुरूषोत्तम मास में यहाँ अन्य पावन अनुष्ठान भी समानांतर रूप से संपन्न कराए जा रहे हैं। बुधवार की सुबह कथा स्थल पर पूरी विधि-विधान और वेदोक्त मंत्रोच्चार के साथ भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। भगवान शिव के इस विशेष अभिषेक में क्षेत्र की बड़ी संख्या में माताएं, बहनें और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। हर-हर महादेव और ओम नम: शिवाय के गगनभेदी जयकारों से पूरा राजीव कॉलोनी क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।

क्षेत्र की सुख समृद्धि के धार्मिक आयोजन 

सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति की महिला मंडल ने बताया कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रतिदिन सुबह के समय भगवान भोलेनाथ का पावन रुद्राभिषेक आयोजित किया जा रहा है, इसके बाद दोपहर तीन बजे से श्रीमद् भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण की अनमोल लीलाओं का रसपान कराया जा रहा है। इस आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय समितियों और समस्त क्षेत्रवासियों का सराहनीय योगदान मिल रहा है।


 

Leave a Comment