सीएम डॉ. यादव ने माना पीएम मोदी का आभार, कहा- डबल इंजन की सरकार में विकास की रफ्तार भी दोगुनी है
- केन्द्रीय कैबिनेट ने सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने के लिए एमपी में दो बड़ी परियोजनाओं को दी मंजूरी
- मध्यप्रदेश के जनजातीय बहुल जिलों को होगा फायदा
- खरगौन में विकसित होगा 16 किमी से ज्यादा लंबा ग्रीनफील्ड बाईपास
- एमपी को मिली 4,415 करोड़ की दो बड़ी सड़क परियोजनाएं
- सीएम डॉ. मोहन यादव ने पीएम मोदी और गडकरी का जताया आभार
- डबल इंजन सरकार में दोगुनी हुई विकास की रफ्तार
- बैतूल, खंडवा, खरगौन और बड़वानी जैसे जनजातीय जिलों का बदलेगा नक्शा
भोपाल/मंडला महावीर न्यूज 29. मध्य प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर और रोड कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय कैबिनेट की आर्थिक मामलों की समिति द्वारा मध्य प्रदेश में 4,415.60 करोड़ रुपये की लागत वाली दो बड़ी सड़क निर्माण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इस बड़ी सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का हृदय से आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में डबल इंजन की सरकार होने के कारण विकास की रफ्तार भी दोगुनी गति से आगे बढ़ रही है।
जनजातीय बहुल जिलों के विकास को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के इस महत्वपूर्ण निर्णय से प्रदेश के जनजातीय बहुल जिलों— बैतूल, खंडवा, खरगौन और बड़वानी के समग्र व चौमुखी विकास को एक नई और तेज गति मिलेगी। इन ढांचागत सुधारों से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के हजारों स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्गों का होगा कायाकल्प
उल्लेखनीय है कि 3 जून को नई दिल्ली में आयोजित केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक में इन परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई। इसके तहत:
- राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-347B) के हिवरखेड़ी-रोशनी-आशापुर-रुधी खंड पर वर्तमान इंटरमीडिएट लेन को पक्के शोल्डर स्टैंडर्ड के साथ 125.01 किलोमीटर लंबी टू-लेन (2-Lane) सड़क में अपग्रेड किया जाएगा।
- इसी राजमार्ग (NH-347B) के देशगांव-जुलवानिया खंड के 108.643 किलोमीटर हिस्से को हाइब्रिड एन्युटी मोड के तहत टू-लेन से फोर-लेन (4-Lane) सड़क में विस्तारित करने की स्वीकृति दी गई है।
खरगौन में बनेगा 16 किमी लंबा ग्रीनफील्ड बाईपास
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कुल 233.653 किलोमीटर लंबी इस संयुक्त परियोजना पर लगभग 4,415.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस पूरी योजना के अंतर्गत खरगौन जिले की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए 16.20 किलोमीटर लंबा एक अत्याधुनिक ‘ग्रीनफील्ड बाईपास’ भी विकसित किया जाएगा। यह उन्नत और हाईटेक कॉरिडोर मध्य प्रदेश के भीतर अंतर-जिला कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा। साथ ही, यह मार्ग 6 ‘पीएम गतिशक्ति आर्थिक नोड्स’ को आपस में जोड़ते हुए मल्टीमॉडल एकीकरण को भी बढ़ावा देगा, जिससे आने वाले समय में माल परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों में काफी सुगमता आएगी।









