मंडला सुभाष वार्ड की राशि को मुंबई के दीक्षांत समारोह में मिली डॉक्टरेट की उपाधि
राशि पमनानी पीएचडी की उपाधि से विभूषित
- मेडिसिन फ्री लाइफ और डाइट प्लान पर किया शोध
- कोरोना काल की बीमारी बनी प्रेरणा
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर के सुभाष वार्ड की निवासी श्रीमती राशि पमनानी ने स्वास्थ्य, ओम मंत्र, डाइट प्लान एवं विभिन्न थेरेपीस के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने जोरोएस्ट्रियन कॉलेज, मुंबई से सत्र 2025-26 के अंतर्गत अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण करते हुए पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। राशि पमनानी नगर के प्रतिष्ठित कपड़ा व्यवसायी रितेश पमनानी की धर्मपत्नी हैं।
मुंबई के दीक्षांत समारोह में हुआ सम्मान
मुंबई में आयोजित जोरोएस्ट्रियन कॉलेज के भव्य दीक्षांत समारोह में राशि पमनानी को आधिकारिक रूप से पीएचडी की उपाधि से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन डॉ. चन्द्राकृष्ण मूर्ति, प्रेसीडेंट मास्टर मेहर मूस सहित कॉलेज प्रबंधन के कई वरिष्ठ शिक्षाविद और गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने राशि को इस शोध के लिए बधाई दी।
कोरोना काल की विडंबना बनी शोध की प्रेरणा
अपनी इस अकादमिक यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. राशि पमनानी ने बताया कि वैश्विक कोरोना महामारी के दौर में उन्हें स्वयं कई शारीरिक बीमारियों एवं गंभीर स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इसी व्यक्तिगत अनुभव ने उन्हें स्वास्थ्य और मानव शरीर के प्रति अधिक जागरूक बनाया। इसके बाद उन्होंने दवाओं पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से डाइट प्लान फॉर हेल्थ विषय को चुना और इस पर गहन शोध कार्य करते हुए अपनी पीएचडी पूर्ण की।
मेडिसिन फ्री लाइफ के लिए लोगों को करेंगी प्रेरित
डॉ. राशि पमनानी ने अपने भविष्य के लक्ष्यों को साझा करते हुए कहा कि आने वाले समय में वे समाज को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करने के लिए कार्य करेंगी। वे लोगों को बिना दवाओं के स्वस्थ जीवन जीने (मेडिसिन फ्री लाइफ) व खान-पान में सुधार कर एक बेहतर और प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी। उनकी इस गौरवमय उपलब्धि पर पमनानी परिवार, इष्ट मित्रों, परिजनों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।









