योग व्यायाम नहीं, जीवन जीने की पद्धति है-कलेक्टर राहुल

माहिष्मती घाट पर ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ का पूर्वाभ्यास शुरू

  • कलेक्टर, एडीएम और जिला पंचायत सीईओ ने किया योगाभ्यास
  • 21 जून तक प्रतिदिन अधिकारी-कर्मचारी सीखेंगे योग के गुर
  • योग व्यायाम नहीं, जीवन जीने की पद्धति है-कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे

मंडला महावीर न्यूज 29. आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ को लेकर मंडला जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी हैं। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के कुशल मार्गदर्शन में आयुष विभाग द्वारा सोमवार 1 जून से माहिष्मती घाट के मनोरम तट पर जिला प्रशासन के सभी विभाग प्रमुखों, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विशेष योग अभ्यास सत्र का शंखनाद किया गया। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत कलेक्टर एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई।

कलेक्टर सहित प्रशासनिक अमले ने स्वयं किया योगाभ्यास

इस विशेष योग सत्र में सामान्य योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. प्रियंका धुर्वे द्वारा योग पूर्वाभ्यास का प्रदर्शन कराया गया। सत्र की शुरुआत योग प्रार्थना एवं सूक्ष्म व्यायाम से हुई। इसके पश्चात खड़े होकर किए जाने वाले आसनों में ताड़ासन, तिर्यक ताड़ासन, कटि चक्रासन, त्रिकोणासन का अभ्यास किया गया। बैठकर किए जाने वाले आसनों में गौमुख आसन, बद्धकोर्णासन, वक्रासन, शशांक आसन तथा लेटकर किए जाने वाले आसनों में मकरासन, हलासन, धनुरासन, शलभान, सेतुबंधासन और शवासन का गहन अभ्यास कराया गया।

कलेक्टर श्री धोटे ने सभी अधिकारियों के साथ स्वयं अग्रिम पंक्ति में बैठकर योग के इन सभी आसनों का अभ्यास किया और इसे दैनिक जीवन में शामिल करने पर जोर दिया।

सत्र में इन अधिकारियों व चिकित्सकों की रही गरिमामयी उपस्थिति

योगाभ्यास के इस प्रथम सत्र में एडीएम श्री राजेंद्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, जिला आयुष अधिकारी श्रीमती गायत्री अहाके सहित आयुष विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. एकता वाल्को, डॉ. तेजसिंह ताराम, डॉ. मुकेश महाजन, डॉ. सीमा भवेदी, डॉ. ऋचा धुर्वे, डॉ. ममता धुर्वे, डॉ. अनिल धुर्वे, डॉ. जितेन्द्र धुर्वे उपस्थित रहे। इनके साथ ही पतंजली योग समिति से श्री प्रमोद मिश्रा, नमामि नर्मदे महा आरती ट्रस्ट के सदस्यों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी इस स्वास्थ्यवर्धक सत्र में शामिल हुए।

अधिकारी तनावमुक्त रहें और जनता को भी प्रेरित करें: कलेक्टर

सत्र को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह एक संपूर्ण जीवन जीने की पद्धति है। जिला प्रशासन की मंशा है कि सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारी स्वयं पूरी तरह स्वस्थ और तनावमुक्त रहें, तभी वे जनहित के कार्यों को पूरी ऊर्जा से कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि माहिष्मती घाट जैसे पवित्र और प्राकृतिक स्थल पर योग करने से इसका सकारात्मक प्रभाव और अधिक बढ़ जाता है।

21 जून तक प्रतिदिन चलेगा अभ्यास, निःशुल्क औषधियां बांटी गईं

जिला आयुष अधिकारी डॉ. गायत्री अहाके ने महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि यह विशेष योग अभ्यास सत्र आगामी 21 जून (विश्व योग दिवस) तक प्रतिदिन सुबह माहिष्मती घाट पर आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक अमले को मानसिक तनाव से दूर रखकर एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों और कर्मचारियों से इन सत्रों में नियमित रूप से भाग लेने की अपील की है। योग सत्र के गरिमामयी समापन पर उपस्थित जनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया और आवश्यकतानुसार औषधियों का वितरण हुआ।



रिपोर्टर- रितेश पमनानी

Leave a Comment