जल संकट-खाली बर्तन सड़क पर रख किया प्रदर्शन

मंडला में भीषण जल संकट

पानी की बूंद-बूंद को तरसे ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया चक्काजाम

  • मंडला-डिंडौरी मार्ग पूरी तरह बाधित
  • प्रशासन के खोखले आश्वासनों से भड़के ग्रामीण
  • खाली बर्तन सड़क पर रख किया प्रदर्शन
  • हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतारें

मंडला महावीर न्यूज 29.  भीषण गर्मी के इस मौसम में मंडला जिले के ग्रामीण अंचलों में पानी का संकट गहराता जा रहा है। पेयजल की भारी किल्लत से परेशान और आक्रोशित ग्राम पंचायत खुडिय़ा के रसैयादोना ग्राम के ग्रामीणों ने मंडला-डिंडौरी मुख्य मार्ग पर खाली बर्तन रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों के इस उग्र प्रदर्शन के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया।

आश्वासन पर भी नहीं माने ग्रामीण

जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझाने और जल्द ही पानी की व्यवस्था सुचारु करने का आश्वासन दिया। हालांकि, लंबे समय से सिर्फ आश्वासन मिलने से नाराज ग्रामीणों ने इस बार पीछे हटने से साफ मना कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार उन्हें केवल झूठा दिलासा दिया जाता है, लेकिन धरातल पर पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है। वे मौके पर ही ठोस और स्थाई समाधान की मांग पर अड़े रहे।

बूंद-बूंद पानी के लिए मीलों भटकने को मजबूर

प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं, जिनका कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में उनके गांवों के हैंडपंप और कुएं पूरी तरह सूख चुके हैं। जल जीवन मिशन के तहत किए गए दावे भी हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों को पीने और निस्तार के पानी के लिए कई किलोमीटर दूर भटकना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी दी है कि जब तक गांव में टैंकरों के माध्यम से नियमित पानी की सप्लाई शुरू नहीं की जाती और बंद पड़े जलस्रोतों को ठीक नहीं किया जाता, तब तक उनका यह आंदोलन और चक्काजाम प्रदर्शन जारी रहेगा। समाचार लिखे जाने तक मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच गतिरोध और बातचीत का दौर जारी था।


Leave a Comment