इंदौर में हुई तकनीक आधारित सुशासन की नई पहल

सुशासन की दिशा में वरदान साबित हो रहा विज्ञान मुख्यमंत्री डॉ. यादव

इंदौर में हुई तकनीक आधारित सुशासन की नई पहल

  • इंदौर शहर में खोले जाएंगे तीन नए थाने, पुलिस बल की पूर्ति भी की जाएगी
  • सरकार हर जिले में स्थापित कर रही है पुलिस बैंड
  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘डिस्ट्रिक्ट ड्रोन यूनिट’ के तहत 18 अत्याधुनिक हाईटेक ड्रोन्स किए लोकार्पित
  • 10 पुलिस वाहनों को दिखाई हरी झंडी
  • इंदौर ट्रैफिक साथी’ मोबाईल एप का किया शुभारंभ

भोपाल/मंडला महावीर न्यूज 29.  मध्यप्रदेश में तकनीक आधारित सुशासन को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर में ‘डिस्ट्रिक्ट ड्रोन यूनिट’ का लोकार्पण तथा ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ मोबाइल एप का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने 18 अत्याधुनिक हाईटेक ड्रोन्स का लोकार्पण कर इन्हें इंदौर पुलिस के बेड़े में शामिल कराया। यह ड्रोन्स पुलिस की तीसरी आंख के रूप में हर वक्त कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को और भी अधिक प्रभावी बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की मांग पर इंदौर शहर में तीन नए पुलिस थाने खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कमी की पूर्ति भी क्रमबद्ध रूप से की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम हर साल पुलिस विभाग के 22 हजार 500 पदों पर भर्ती कर रहे हैं। लगभग सभी पदों पर भर्ती जारी है। हम प्रदेश के हर जिले में पुलिस बैंड की स्थापना भी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार हमेशा पुलिस विभाग के साथ है। परन्तु नागरिकों को बेवजह परेशानी या अपने पदीय कर्तव्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक लोगों के हित में है, तो एक चुनौती भी है, इसलिए इसका बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ड्रोन पुलिस का कान्सेप्ट इंदौर से ही आया है। अब यह एक नजीर बनेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर पुलिस के उपयोग के लिए 10 नए शासकीय वाहनों (4 दो पहिया और 6 चार पहिया वाहन) को हरी झंडी दिखाकर लोकार्पित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर की ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक विकास के समन्वय को रेखांकित करते हुए कहा कि हमारी सरकार ‘विरासत से विकास’ के मार्ग पर चल रही है। उन्होंने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर ने जिस इंदौर को सेवा, सुशासन और जनकल्याण के जीवन मूल्यों से जोड़ा था, अपनी श्रम साधना से सींचा था, आज वही शहर नवाचार और तकनीकी प्रगति के क्षेत्र में देश के लिए उदाहरण बन रहा है। इंदौर में इस तरह के आधुनिक नवाचारों का शुभारंभ होना अपार खुशी देता है। उन्होंने कहा कि विज्ञान वास्तव में सुशासन की दिशा में ‘लोक कल्याणकारी राज्य’ के लिए एक वरदान साबित हो रहा है। मध्यप्रदेश सरकार तकनीक से लोगों की तकदीर बदलने, उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और लोकसेवा का नया अध्याय लिखने के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक तकनीकों का उपयोग प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वास जताया कि ‘डिस्ट्रिक्ट ड्रोन यूनिट’ और ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ जैसे नवाचार पुलिस और प्रशासन दोनों को नई ताकत प्रदान करेंगे। आज इंदौर में हुआ यह नवाचार पुलिस और प्रशासन दोनों को बेहतर काम करने की नई ऊर्जा देगा तथा नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल स्मार्ट और सुरक्षित इंदौर की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है, जो तकनीक और सुशासन के बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगी। आज लोकार्पित ड्रोन्स कानून व्यवस्था की स्थापना में पुलिस के लिए सहायक होंगे, वहीं ट्रेफिक साथी एप वाहन चालकों के लिए बेहद कारगर साबित होगा। इस एप के जरिए वाहन चालक पार्किंग की बेहतर लोकेशन जान सकेंगे।

पुलिस कमिश्नर इंदौर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि इंदौर पुलिस के बेड़े में 18 ड्रोन्स शामिल किए जा रहे हैं। अब इंदौर पुलिस भीड़ के समुचित‍ प्रबंधन में इन अत्याधुनिक ड्रोन्स के बेहतर उपयोग करने के लिये तैयार हो गई है। इन ड्रोन्स से 2 किलोमीटर का दायरा कवर होगा। उन्होंने कहा कि अब हम न सिर्फ ट्रैफिक बल्कि अपराधों पर भी नजर रख सकेंगे। इसका प्रयोग इंदौर में रंगपंचमी पर निकली गैर और बसंत पंचमी पर भोजशाला में कानून व्यवस्था के लिए किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इंदौर पुलिस ने 4 हजार 370 लोगों को नि:शुल्क हेलमेट बांटे हैं।


सीएम ने फिर दी सादगी की मिसाल- ट्रेवलर में किया सफर

आम नागरिकों की तरह पहुंचे नाश्ते की दुकान, वायरल हुए Photos

  • इंदौर के प्रसिद्ध राजवाड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
  • लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
  • प्रदेश के मुखिया ने पेश की सादगी और मितव्ययता की मिसाल

भोपाल/इंदौर/मंडला महावीर न्यूज 29. इंदौर में 31 मई की शाम एक बार फिर ये देखने को मिला कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जनता के इतने चहेते क्यों हैं। दरअसल, सीएम डॉ. यादव इंदौर के राजवाड़ा पहुंचे और यहां उन्होंने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वे अपने चिर-परिचित अंदाज में अचानक अन्ना भैया के नाश्ते की दुकान पर पहुंचे। यहां उन्होंने आम लोगों की तरह आम जनता के साथ बैठकर नाश्ता किया और चाय पी। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई को लेकर और भविष्य की योजनाओं पर बातचीत की। उनके इस अंदाज की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं।दूसरी ओर, सीएम डॉ. यादव ने स्थानीय व्यवसायियों और नागरिकों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस बातचीत के बाद उन्होंने नाश्ते और चाय का बिल खुद ही भरा। इधर, मुख्यमंत्री डॉ. यादव को अपने बीच पाकर लोग उत्साहित हो गए। लोगों को उनका सहज और पारिवारिक व्यवहार अच्छा लगा। सीएम डॉ. यादव ने लोगों के बीच जाकर उनसे हाथ मिलाया। उन्होंने मासूम बच्चियों को दुलार किया। इस दौरान कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खींचने की भी कोशिश की।गौरतलब है कि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सादगी से जनसेवा के संकल्प का एक और उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने इंदौर में एचआर ग्रीन से राजवाड़ा तक स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ टेम्पो ट्रेवलर बस में सफर किया। इस दौरान उन्होंने शहर के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और चलती बस से ही नागरिकों का अभिवादन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा परिसर में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।


Leave a Comment