एनएच 30 पर दर्दनाक हादसा
बाइक से घर लौट रहे युवक की खड़े ट्रॉला से टकराकर मौत
- मंडला में रफ्तार का कहर, हाईवे मार्ग के बीच में खड़ा था ट्रॉला
- नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रॉला में घुसी तेज रफ्तार बाइक
- युवक ने मौके पर तोड़ा दम
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला से रायपुर नेशनल हाईवे-30 पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहाँ एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब युवक अपनी बाइक से किसी काम से ग्राम पदमी की तरफ गया था, वहां लौटते समय हादसे का शिकार हो गया और युवक की मौत हो गई।
खड़े ट्रॉला से टकराई बाइक
जानकारी अनुसार युवक अपनी बाइक पर सवार होकर नेशनल हाईवे 30 स्थित ग्राम पदमी किसी काम से गया हुआ था। वहां से वापस युवक अपने घर के लिए निकला, इसी दौरान नेशनल हाईवे-30 पर सड़क पर खड़े एक भारी-भरकम ट्रॉला से उसकी बाइक की सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मौके पर ही तोड़ दिया दम
इस भयानक टक्कर के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक चोट आने की वजह से उसने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मृतक युवक की पहचान ग्राम मुरुमखाप निवासी पंकज उइके (24) पिता पुरुषोत्तम उइके के रूप में हुई है। 
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई व जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर सुरक्षा और खड़े वाहनों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।









