रंगोली, चित्रकला और रैली के माध्यम से सिखाया माहवारी स्वच्छता प्रबंधन

प्रतियोगिताओं के जरिए किशोरियों को दिया जागरूकता का संदेश

  • सीएचसी नारायणगंज में स्वास्थ्य विभाग की अनूठी पहल
  • रंगोली, चित्रकला और रैली के माध्यम से सिखाया माहवारी स्वच्छता प्रबंधन

मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ब्लॉक कम्युनिटी मोबिलाइजर, ब्लॉक एक्सटेंशन एजुकेटर, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के साथिया और बड़ी संख्या में किशोरी बालिकाओं ने सहभागिता दर्ज की। कार्यक्रम के दौरान आपसी चर्चा के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीकों और सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया गया।इस विशेष अवसर पर जागरूकता बढ़ाने के लिए किशोरी बालिकाओं के बीच चित्रकला, आकर्षक रंगोली और राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम पर आधारित ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। सभी विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उपस्थित सभी किशोरियों और महिलाओं को सेनेटरी पैड का निशुल्क वितरण भी किया गया।बताया गया कि केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के अलावा ग्रामीण स्तर पर जागरूकता फैलाने के लिए एक रैली निकाली गई। इसके साथ ही दीवारों पर माहवारी चक्र के रेखांकन और प्रेरक स्लोगन (नारे) लिखकर समाज को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का एक बेहद सकारात्मक संदेश दिया गया।


Leave a Comment