मंडला में मानवाधिकार जागरूकता पर विशेष युवा संवाद आयोजित
राष्ट्रीय सदस्य प्रियंक कानूनगो ने किया मार्गदर्शन
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर के ऐतिहासिक महिष्मति घाट पर मानवाधिकार जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग भारत सरकार के राष्ट्रीय सदस्य प्रियंक कानूनगो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके सानिध्य में मंडला नगर के बड़ी संख्या में युवाओं ने सक्रिय सहभागिता की।
युवा संवाद के दौरान मंडला जिले के विकास को लेकर स्थानीय युवाओं ने मुख्य अतिथि प्रियंक कानूनगो से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सीधा संवाद किया। युवाओं ने क्षेत्र की समस्याओं, विकास की संभावनाओं और मानवाधिकारों के संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। मुख्य अतिथि ने युवाओं के प्रश्नों के उत्तर देते हुए देश और समाज के निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित किया और उनका उचित मार्गदर्शन किया।
मां नर्मदा की महाआरती के साथ समापन
बौद्धिक विमर्श और प्रेरणादायक संवाद के बाद कार्यक्रम का समापन धार्मिक और सांस्कृतिक रंग में हुआ। मुख्य अतिथि प्रियंक कानूनगो सहित कार्यक्रम में उपस्थित सभी युवाओं और प्रबुद्ध जनों ने महिष्मति घाट पर मां नर्मदा की भव्य आरती में भाग लिया और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।









