डेड एंड खत्म करने और इंदौर-भोपाल-नागपुर के लिए सीधी ट्रेन चलाने की अपील

मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन के कायाकल्प और नई ट्रेनों की मांग

रेलवे संघर्ष समिति ने सौंपी विकास की दो चरणीय कार्ययोजना

  • डेड एंड खत्म करने और इंदौर-भोपाल-नागपुर के लिए सीधी ट्रेन चलाने की अपील
  • महाकौशल के विकास को मिलेगी नई गति

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन से वर्तमान में संचालित ट्रेनों को यात्रियों का भरपूर प्रतिसाद मिल रहा है। मंडला फोर्ट से जबलपुर और छिंदवाड़ा के बीच चलने वाली ट्रेनें लगातार यात्रियों से भरकर चल रही हैं, जिससे रेलवे विभाग को भी भारी राजस्व प्राप्त हो रहा है। यात्रियों की इस बढ़ती संख्या और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए रेलवे संघर्ष समिति, मंडला ने रेल सुविधाओं के विस्तार, नई ट्रेनों के संचालन और स्टेशन के व्यापक विकास को लेकर एक मजबूत अपील की है।

इंदौर, भोपाल और नागपुर के लिए रात्रिकालीन ट्रेनों की मांग 

रेलवे संघर्ष समिति के पदाधिकारी अखिलेश सोनी ने बताया कि यदि पेंचवेली एक्सप्रेस ट्रेन को जल्द ही मंडला से प्रारंभ कर दिया जाए, तो स्थानीय जनता को इंदौर आने-जाने में बड़ी सहूलियत होगी। इसके अलावा समिति ने रेलवे बोर्ड और क्षेत्र के माननीय जनप्रतिनिधियों से विशेष पहल करने का आग्रह किया है, जिससे मंडला फोर्ट से भोपाल और मंडला फोर्ट से नागपुर के लिए रात्रिकालीन ट्रेनें शीघ्र शुरू की जा सकें। इन ट्रेनों के चलने से गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बड़े महानगरों तक पहुंचने में आसानी होगी। क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए यात्रा करने में बड़ा लाभ मिलेगा।

समिति का सुझाव-दो चरणों में हो रेल विकास कार्य

समिति का कहना है कि मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन आज भी लंबी दूरी की ट्रेनों और बेहतर रेल कनेक्टिविटी से वंचित है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए समिति ने रेल विकास कार्यों को दो चरणों में पूरा करने का खाका तैयार किया है। जिसमें प्रथम चरण में सबसे पहले घंसौर, मंडला फोर्ट रेलवे लाइन का निर्माण किया जाए। इससे मंडला फोर्ट स्टेशन का डेड एंड (आखिरी छोर) समाप्त हो जाएगा और नैनपुर में इंजन बदलने की समय लेने वाली समस्या भी हमेशा के लिए दूर हो जाएगी। नई रेल लाइन के लिए दूसरे चरण में घंसौर, श्रीधाम रेल लाइन, मंडला फोर्ट, पेंड्रा रोड रेल लाइन, जबलपुर, मंडला, बिलासपुर रेल लाइन और रीवा, ब्यौहारी, जयसिंहनगर, शहडोल, डिंडोरी, मंडला फोर्ट रेल लाइन के निर्माण को स्वीकृति दी जाए।

दिल्ली और देहरादून के लिए नई कनेक्टिविटी की मांग 

समिति ने देश की राजधानी दिल्ली के लिए भी एक व्यावहारिक विकल्प सुझाया है। वर्तमान में जबलपुर से निजामुद्दीन (दिल्ली) के बीच चलने वाली मध्यप्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन यथावत रखा जाए। इसके साथ ही एक अतिरिक्त रैक की व्यवस्था कर सप्ताह में शेष चार दिन नई मध्यप्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को छिंदवाड़ा, सिवनी, नैनपुर, चिराईडोंगरी, मंडला फोर्ट, घंसौर, जबलपुर मार्ग से निजामुद्दीन तक चलाया जाए। इसके अलावा बालाघाट और महाकौशल क्षेत्र के हित में अमरावती, देहरादून एक्सप्रेस को नागपुर, गोंदिया, बालाघाट, नैनपुर, जबलपुर, कटनी, सागर, झांसी, ग्वालियर और दिल्ली मार्ग से संचालित करने की मांग उठाई गई है।

व्यापार, पर्यटन और रोजगार को लगेंगे पंख 

रेलवे संघर्ष समिति मंडला का मानना है कि इन महत्वाकांक्षी रेल परियोजनाओं और नई ट्रेनों के संचालन से न केवल मंडला, बल्कि डिंडोरी, बालाघाट और संपूर्ण महाकौशल क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, रोजगार तथा आवागमन के साधनों को एक नई और ऐतिहासिक गति मिलेगी।


Leave a Comment