डीजल-पेट्रोल के लिए मची त्राहि-त्राहि

घुघरी के तीनों पेट्रोल पंपों पर गहराया ईंधन संकट

डीजल-पेट्रोल के लिए मची त्राहि-त्राहि, वाहन चालकों सहित किसान बेहाल

  • खेती-किसानी का कार्य हो रहा प्रभावित, किसान परेशान
  • कृषि सीजन में ईंधन की किल्लत से थमी ट्रैक्टरों की रफ्तार
  • घुघरी मुख्यालय में तेल न मिलने से फूटा जनता का आक्रोश

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड मुख्यालय घुघरी में इन दिनों ईंधन की भारी किल्लत के चलते आम जनजीवन पूरी तरह से पटरी से उतर गया है। क्षेत्र में कहने को तो तीन-तीन पेट्रोल पंप संचालित हैं, लेकिन वर्तमान में तीनों ही पंपों पर पेट्रोल और डीजल की अनुपलब्धता के कारण स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।जानकारी अनुसार ईंधन संकट की सबसे बड़ी और सीधी मार इस समय क्षेत्र के काश्तकारों व कृषकों पर पड़ रही है। वर्तमान में ग्रामीण अंचलों में आगामी फसलों को देखते हुए खेतों की जुताई, मेढ़ सुधार और कल्टीवेटर चलाने का कार्य जोरों पर चल रहा है। इन कृषि कार्यों के लिए ट्रैक्टर और अन्य आधुनिक मशीनों को चलाने हेतु डीजल की सख्त जरूरत होती है, लेकिन स्थानीय पेट्रोल पंपों से डीजल गायब होने के कारण किसानों के सामने खेतों को समय पर तैयार करने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। परेशान किसानों का कहना है कि अगर जल्द ही ईंधन नहीं मिला, तो उनकी बोआई और खेती का पूरा शेड्यूल बिगड़ जाएगा।

वाहन चालकों की थमी रफ्तार, जनता में आक्रोश 

पेट्रोल-डीजल के लाले पडऩे से केवल किसान ही नहीं, बल्कि आम दुपहिया और चार पहिया वाहन चालक भी बुरी तरह परेशान हैं। आवश्यक और आपातकालीन कार्यों से बाहर जाने वाले लोगों को पंपों से खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। मजबूरन लोगों को ईंधन के लिए अन्य शहरों की ओर लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। क्षेत्र में लगातार बनी इस समस्या के कारण अब आम जनता और किसानों में प्रशासन व पंप संचालकों के प्रति गहरा आक्रोश पनपने लगा है। स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि घुघरी मुख्यालय के पेट्रोल पंपों पर ईंधन की नियमित आपूर्ति तुरंत सुनिश्चित कराई जाए, ताकि इस समस्या का स्थाई समाधान हो सके।


रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️


Leave a Comment