बम्हनी पुलिस का बड़ा खुलासा, खैरागढ़ से दबोचे गए चोरी के आरोपी
सोने-चांदी के जेवरात जप्त, खरीदार सहित 5 गिरफ्तार
- घटिया निवासी महिला के घर हुई ₹1.60 लाख की चोरी का पर्दाफाश
- अंतराज्यीय कड़ियों को जोड़कर बम्हनी पुलिस ने बरामद किया माल
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में पुलिस अधीक्षक मंडला श्री राजेश रघुवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा के निर्देशन तथा एसडीओपी नैनपुर श्री मनीष राज के मार्गदर्शन में थाना बम्हनी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की एक गंभीर वारदात का पर्दाफाश किया है और छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ से आरोपियों को हिरासत में लेकर चोरी गया मशरूका बरामद कर लिया है।
जानकारी अनुसार प्रार्थिया जानकी कार्तिकेय (पति राजू कार्तिकेय, उम्र 45 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 08, घटिया) ने थाना बम्हनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बीते 14 मई 2026 की रात उनका घर सूना था। रात 12:00 बजे से सुबह 07:00 बजे के बीच किसी अज्ञात चोर ने सूने मकान का ताला तोड़कर भीतर रखी एल्यूमिनियम की पेटी पार कर दी। उक्त पेटी में पुराने सोने-चांदी के जेवरात, ₹10,000 नगद, वाहन के दस्तावेज और कीमती कपड़े रखे थे, जिसकी कुल कीमत लगभग 1,60,000 रुपये आंकी गई थी।
खैरागढ़ (छत्तीसगढ़) तक पहुंची जांच की आंच
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम्हनी थाने से उपनिरीक्षक पुनीत बाजपेयी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध हमराज यादव (निवासी घटिया) और एक विधि विरुद्ध बालक को खैरागढ़ (छत्तीसगढ़) से अभिरक्षा में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपने एक अन्य साथी दहू पटेल (निवासी अंजनिया) के साथ मिलकर चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
चोरी का माल खरीदने वाला सराफा कारोबारी भी धराया
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने चोरी किए गए जेवरात का कुछ हिस्सा अपने साथियों— बादल यादव, जयंत कुशराम और अभिषेक रजक (निवासी मंडला) के माध्यम से मंडला के ही एक सोने के व्यापारी अंसू सोनी को बेच दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी का माल खरीदने वाले सराफा कारोबारी सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी दहू पटेल फिलहाल फरार है जिसकी तलाश जारी है।
बरामद (जप्त) किया गया माल:
- एक जोड़ी सोने के झुमके एवं एक सोने की अंगूठी
- तीन सोने की गुरिया तथा तीन सोने की पत्ती
- एक चांदी का खुचमा व दो चांदी के ब्रेसलेट
- एक चांदी का करधन और ₹1,000 नगद राशि।
- पकड़े गए सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय मंडला के समक्ष पेश कर दिया गया है।
कार्रवाई में इस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका:
इस पूरी गुत्थी को सुलझाने और माल बरामदगी में उनि पुनीत बाजपेयी, उनि अरुण प्रताप सिंह भदौरिया, उनि प्रवीण शर्मा, उनि अतुल वासनिक, सउनि शिशांक श्रीवास्तव, प्रआर ब्रजलाल, प्रआर हीरा मरावी, प्रआर नारायण, आरक्षक जीवन सिंह मार्को, सचिन यादव, उमराव, उमेश मार्को, शिवराम बघेल, सैनिक उत्तम, सैनिक सुग्रीव, महिला आरक्षक जयश्री एवं साइबर सेल से आरक्षक सुरेश भटेरे की सराहनीय भूमिका रही।









