बंजारी घाट पर बड़ा हादसा
अनियंत्रित ट्राला ने पुलिस गाड़ी को मारी टक्कर
- थाना प्रभारी बाल-बाल बचे, बाजार आई महिला की मौत
- एनएच-30 पर मची अफरा-तफरी
- बिछिया के बंजारी घाट पर एक के बाद एक दो हादसे
- अनियंत्रित वाहनों के कारण लगा लंबा जाम
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर परिषद भुआ बिछिया क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बंजारी घाट के नीचे शुक्रवार साप्ताहिक बाजार के दौरान एक के बाद एक हुए दो भीषण हादसों से नेशनल हाईवे-30 पर हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक घटना में बाजार आई एक महिला की मौत हो गई, जबकि बिछिया थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए।
सरिया से भरा ट्रक पलटने से लगा जाम
जानकारी अनुसार पहला हादसा उस समय हुआ जब रायपुर से जबलपुर की ओर लोहे की सरिया लेकर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। ट्रक पलटने से उसमें लदी भारी सरिया नेशनल हाईवे पर बिखर गई, जिसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सिंह सैयाम तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सूझबूझ से यातायात व्यवस्था बहाल कराने में जुट गए।
ब्रेक फेल होने से ट्राला ने पुलिस वाहन को मारी टक्कर, मची भगदड़
पुलिस टीम जब जाम खुलवा रही थी, इसी दौरान बंजारी घाट से नीचे उतर रहा एक अन्य तेज रफ्तार ट्राला जो रायपुर से जबलपुर जा रहा था, उसका अचानक ब्रेक और स्टेयरिंग फेल हो गया। अनियंत्रित ट्राला ने मौके पर खड़ी पुलिस प्रशासन की शासकीय गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि थाना प्रभारी रंजीत सिंह सैयाम समय रहते दूर हट गए और बाल-बाल बच गए। इसके बाद भी ट्राला नहीं रुका और साप्ताहिक बाजार में आई एक महिला प्रेमवती पति बुधराम यादव, 55 वर्ष, निवासी कांसखेड़ा को रौंदते हुए आगे बढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत स्थिति को संभाला और गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने की सुरक्षा की मांग
हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने बंजारी घाट में भारी वाहनों की बेकाबू रफ्तार पर अंकुश लगाने और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था करने के लिए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।









