दुर्गम पहाडिय़ों को पार कर बैगा, गोंड बाहुल्य टोले पहुंचे एसडीएम
प्रशासनिक संवेदनशीलता, ग्रामीणों की आंखों में आए आंसू
- 15 किलोमीटर पैदल चले घुघरी एसडीएम
- इतिहास में पहली बार आदिवासियों के द्वार पहुंचे बड़े अधिकारी
- कड़े निर्देश के बाद मौके पर ही तैयार हुआ एक्शन प्लान
मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन में मंडला जिला प्रशासन लगातार संवेदनशीलता के साथ दूरस्थ ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंच रहा है। इसी कड़ी में घुघरी तहसील की बम्हनी पंचायत के पटनी एवं कुल्लू टोला में विकास की नई किरण पहुंचाने के लिए एसडीएम सचिन जैन ने अपनी टीम के साथ एक अनूठी मिसाल पेश की। दुर्गम पहाड़ी मार्ग और वाहनों की पहुंच न होने के कारण एसडीएम और प्रशासनिक अमले ने साढ़े सात किलोमीटर जाना और साढ़े सात किलोमीटर आना, यानी कुल 15 किलोमीटर का सफर पैदल तय किया और आदिवासियों के बीच पहुंचे।
बताया गया कि जब प्रशासनिक अमला कठिन पहाड़ी रास्तों, नदी-नालों को पार कर टोले में पहुंचा, तो वहां रहने वाले गोंड और बैगा जनजाति के 110 परिवारों के चेहरे खिल उठे। विशेषकर बुजुर्ग और महिलाएं अधिकारियों को अपने बीच देखकर भावुक हो गए। भावुक ग्रामीणों ने कहां कि आज इतिहास में पहली बार कोई बड़ा अधिकारी हमारे दुखों को सुनने और समझने खुद चलकर हमारी चौखट तक आया है।
ग्रामीणों ने बयां कीं बुनियादी समस्याएं
संवाद के दौरान स्थानीय निवासियों ने अपनी दशकों पुरानी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में पहाड़ी नालों का जलस्तर बढऩे से यह इलाका पूरी तरह मुख्य धारा से कट जाता है। संपर्क टूटने के कारण गर्भवती महिलाओं और मरीजों को अस्पताल ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्कूल भवन क्षतिग्रस्त होने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली और मिनी आंगनबाड़ी की आवश्यकता की ओर ध्यान आकर्षित कराया।
एसडीएम के कड़े निर्देश, मौके पर ही तैयार हुआ एक्शन प्लान
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए एसडीएम सचिन जैन ने मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों को तत्काल प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत टोले को तत्काल बिजली से जोड़ा जाएगा। बरसात में संपर्क न टूटे, इसके लिए पुल और पक्की सड़क का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। क्षतिग्रस्त स्कूल भवन की तत्काल मरम्मत और मिनी आंगनबाड़ी की स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू की जाए। पेयजल संकट दूर करने और पहाड़ी जल स्रोतों के संरक्षण हेतु चेकडैम का निर्माण कराया जाए। राजस्व विभाग को आबादी क्षेत्र का सर्वे कर आवश्यक पट्टे व प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ विदाई
अधिकारियों के इस आत्मीय और संवेदनशील व्यवहार से ग्रामीणों में व्यवस्था के प्रति एक नया विश्वास जागा है। प्रशासनिक टीम के लौटते समय पूरे टोले के ग्रामीणों ने एकजुट होकर तालियां बजाईं और पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें विदा किया। इस संवेदनशील दौरे के दौरान तहसीलदार सीके बट्टे, नायब तहसीलदार इंद्रजीत सिंह, राजस्व निरीक्षक सुखदेव, जनपद पंचायत के सीईओ सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
इनका कहना है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पटनी और कुल्लू टोला के विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।
सचिन जैन, एसडीएम, घुघरी
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️










