मानव सेवा ही माधव सेवा
हरे माधव संस्था ने मंडला और महाराजपुर में शुरू किए 25 शीतल प्याऊ
- भीषण गर्मी में राहगीरों को बड़ी राहत
- हरे माधव समिति ने शहर के मुख्य चौराहों पर की ठंडे पानी की व्यवस्था
मंडला महावीर न्यूज 29. मानव सेवा ही माधव सेवा है के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए हरे माधव परमार्थ सत्संग समिति कटनी शाखा, मंडला द्वारा शहर में एक सराहनीय पहल की गई है। इस तपती धूप और भीषण गर्मी को देखते हुए समिति द्वारा मंडला शहर और उपनगर महाराजपुर के प्रमुख आवागमन वाले क्षेत्रों में ‘हरे माधव प्याऊ’ की स्थापना की जा रही है, जिससे राहगीरों को बड़ी राहत मिल रही है।

25 मुख्य स्थानों पर शीतल जल की व्यवस्था
आध्यात्मिक भक्ति मार्ग पर चलते हुए और प्रकृति व पर्यावरण सुरक्षा के नियमों का पालन करते हुए समिति ने शहर के ऐसे लगभग 25 व्यस्त स्थानों को चुना है, जहां लोगों का आना-जाना सबसे अधिक होता है। इन सभी चिन्हित स्थानों पर प्याऊ लगाकर नगर वासियों और दूर-दराज से आने वाले लोगों के लिए ठंडे और स्वच्छ पेयजल की उत्तम व्यवस्था की गई है। इस सेवा कार्य से चिलचिलाती धूप में प्यास से व्याकुल राहगीरों को तुरंत राहत और तृप्ति मिल रही है।
हर वर्ष चलती है यह मुहिम
सतगुरु बाबा ईश्वर शाह जी के आशीर्वाद और प्रेरणा से समिति द्वारा हर वर्ष गर्मियों में इस सेवा कार्य का आयोजन किया जाता है। समिति के सदस्यों ने बताया कि निस्वार्थ सेवा भावना से शुरू किए गए इस सिलसिले को लगातार बनाए रखा गया है। खास बात यह है कि संस्था की इस अनूठी और मानवीय पहल में शहर के अन्य सेवाभावी नागरिक भी आगे बढ़कर अपना सहयोग प्रदान कर रहे हैं। दिनभर इन प्याऊ केंद्रों पर पानी पीने वाले लोगों की भीड़ देखी जा सकती है, जो संस्था के इस कार्य की सराहना कर रहे हैं।










