बोरवेल कर्मचारियों की दबंगई
किराना दुकान संचालक के भाई की हत्या, इलाके में भारी तनाव
- मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप
- नर्मदा बोरवेल के कर्मचारियों ने मंडला से बुलाए गुंडे
- बच्चों और महिलाओं को भी पीटा
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के थाना घुघरी अंतर्गत ग्राम घोरेघाट में कल देर रात्रि एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बोरवेल कर्मचारियों और स्थानीय किराना दुकान संचालक के बीच हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। बोरवेल कर्मियों द्वारा बाहर से बुलाए गए बदमाशों ने एक युवक की जान ले ली और परिवार के अन्य सदस्यों (बच्चों व महिलाओं सहित) को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी अनुसार घोरेघाट में ‘नर्मदा बोरवेल’ की मशीन द्वारा बोरिंग का कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि बोरवेल कर्मचारी शराब के नशे में धुत होकर स्थानीय किराना दुकान पर पहुंचे। दुकान संचालक संतोष पड़वार ने जब उनसे सामान के पैसे मांगे, तो कर्मचारी भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे।
मंडला से बुलाईं 6 गाड़ियां, हथियारों से किया हमला
विवाद के बाद बोरवेल कर्मचारियों ने फोन कर मंडला से 6 गाड़ियों में भरकर भारी संख्या में गुंडे बुला लिए। गांव पहुंचते ही बदमाशों ने संतोष पड़वार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। संतोष को बचाने के लिए आगे आए उनके छोटे भाई अनिल पड़वार पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ वार किए, जिससे अनिल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावरों ने घर की महिलाओं और मासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा।
अस्पताल में भारी तनाव, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
घटना के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) घुघरी में भर्ती कराया गया है। मृतक अनिल पड़वार के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। मृतक के बड़े भाई अशोक पड़वार ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे।
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था
घटना की सूचना मिलते ही घुघरी थाना प्रभारी पूजा बघेल और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल व अस्पताल पहुंच गए। गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी गुस्सा है कि बाहरी कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों पर इस कदर हैवानियत दिखाई।










