सीआरपीएफ और साइकिल क्लब की अनूठी पहल
फिट इंडिया के लिए सड़कों पर दौड़ीं साइकिलें
- संडे ऑन साइकिल का 75वां संस्करण संपन्न
- कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि के निर्देशन में निकाली रैली
मंडला महावीर न्यूज 29. स्वस्थ भारत और फिट इंडिया मूवमेंट अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार 24 मई को मंडला शहर में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। 148वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने मंडला साइकिल क्लब के साथ मिलकर रविवार साइकिल के साथ कार्यक्रम का शानदार 75वां संस्करण मनाया। यह आयोजन सीआरपीएफ 148वीं वाहिनी के कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि के कुशल निर्देशन में किया गया। रैली की शुरुआत वाहिनी मुख्यालय से हुई, जो मंडला शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और हिस्सों से गुजरते हुए संपन्न हुई।
अधिकारियों, जवानों और नागरिकों ने की पैडलिंग
इस भव्य साइकिल रैली में सुरक्षा बल के जवानों के साथ आम नागरिकों ने भी बड़े उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रत्नेश कुमार सिंह द्वितीय कमान अधिकारी, मनोरंजन कुमार उप कमांडेंट, सूबेदार मेजर देवनारायण पटेल के साथ वाहिनी के अन्य अधीनस्थ अधिकारी, जवान, मंडला साइकिल क्लब के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
रैली के माध्यम से सीआरपीएफ और साइकिल क्लब ने आम जनमानस को फिटनेस और प्रकृति के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने संदेश दिया कि दैनिक जीवन में साइकिल को अपनाना न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभदायक है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण में भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साइकिल चलाने से बढ़ते वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम किया जा सकता है, जिससे आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ वातावरण और बेहतर फिटनेस मिल सकेगी।










