एनएच-30 पर भीषण सड़क हादसा
- ट्रक-तूफान की टक्कर में चालक की मौत
- केरल मजदूरी करने जा रहे 9 श्रमिक घायल
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में तूफान वाहन के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार 9 श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी अनुसार हिरदेनगर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत पदमी चौराहा के पास गुरुवार देर रात करीब 2 बजे यह दुर्घटना हुई। ग्राम मधुपुरी से करीब 10 श्रमिक तूफान वाहन में सवार होकर केरल मजदूरी करने जा रहे थे। इसी दौरान पदमी चौराहा के पास सामने से आ रहे एक ट्रक और तूफान वाहन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तूफान वाहन के परखच्चे उड़ गए।
चालक की मौत, घायलों का उपचार जारी
सूचना मिलते ही हिरदेनगर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने वाहन चालक, ग्राम घोंटा निवासी नरेश बंजारा (30) को मृत घोषित कर दिया। अन्य 9 घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस कर रही जांच
हिरदेनगर चौकी प्रभारी हरछठ ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की सघन जांच कर रही है।










