ग्राम पटनीपानी और चंदना टोला में मूलभूत सुविधाओं के लिए शुरू हुई कवायद
- पटनीपानी के ग्रामीणों को मिली उम्मीद की किरण
- आम आदमी पार्टी की पहल पर प्रशासन ने शुरू की विकास कार्यों की प्रक्रिया
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम पंचायत पटनीपानी के निवासियों के लिए लंबे समय से चली आ रही सड़क, बिजली और पानी की समस्या के समाधान की उम्मीदें अब परवान चढ़ने लगी हैं। आम आदमी पार्टी मंडला की टीम के हस्तक्षेप के बाद जिला प्रशासन ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्यवाही शुरू कर दी है।
बताया गया कि आम आदमी पार्टी के जिला पदाधिकारियों ने लगभग 5 दिन पूर्व मंडला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर ग्राम पटनीपानी की बदहाल स्थिति से अवगत कराया था। इस पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर 21 मई को राजस्व निरीक्षक और पटवारी ने ग्राम का दौरा कर पंचनामा तैयार किया।
बताया गया कि इस सिलसिले में आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी घुघरी से भेंट की। एसडीएम ने आश्वासन दिया है कि वे स्वयं और तहसीलदार के साथ ग्राम का दौरा करेंगे और समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी गांव मूलभूत सुविधाओं से वंचित था और बार-बार आवेदन देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। आप पार्टी की सक्रियता से महज एक सप्ताह के भीतर कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों में खुशी है।
अन्य ग्रामों के लिए भी बढ़ाए मदद के लिए हाथ
पार्टी की टीम ने देवहरा पंचायत के चंदना टोला की दयनीय स्थिति को देखते हुए, वहां भी विकास कार्यों और आवश्यक सुविधाओं के लिए एसडीएम को आवेदन देकर उचित कार्यवाही की मांग की है। इस दौरान जिला अध्यक्ष पंकज सोनी, जिला संगठन मंत्री शिशु सिंधु भलावी, जिला अध्यक्ष (बौद्धिक प्रकोष्ठ) अशोक पांडे, प्रियम गोस्वामी और सतीश धुर्वे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।













