ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में बंद रहीं मेडिकल दुकानें

नारायणगंज में दवा व्यापारियों का हल्लाबोल

ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में बंद रहीं मेडिकल दुकानें

  • तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
  • बिना अनुमति पैंडर्म और स्किनशाइन जैसी क्रीम बेचने वाली दुकानों को दी समझाइश

मंडला महावीर न्यूज 29. केंद्र सरकार द्वारा जारी जीएसआर 817(ई) एवं जीएसआर 220 के तहत ऑनलाइन फार्मेसी और ई-प्रिस्क्रिप्शन व्यवस्था लागू किए जाने के विरोध में नारायणगंज के दवा व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है। ऑल इंडिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के राष्ट व्यापी बंद के आव्हान पर नारायणगंज दवा व्यापारी संघ ने अपना पूर्ण समर्थन देते हुए नगर की सभी दवा दुकानें बंद रखीं। इसके बाद व्यापारियों ने एकजुट होकर तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।दवा व्यापारियों का साफ कहना है कि ऑनलाइन फार्मेसी और ई-प्रिस्क्रिप्शन व्यवस्था लागू होने से स्थानीय दवा विक्रेताओं और छोटे फुटकर व्यापारियों के रोजगार पर गहरा संकट मंडराने लगेगा। इसके अलावा ऑनलाइन दवा विक्रय प्रणाली के कारण जीवनरक्षक दवाओं की गुणवत्ता, वितरण व्यवस्था और आम नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा पर भी विपरीत असर पडऩे की प्रबल आशंका है।

आपातकालीन दवाओं की उपलब्धता रही बहाल 

व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस हड़ताल का उद्देश्य आम जनता या मरीजों को परेशान करना कतई नहीं था, बल्कि अपनी जायज मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना था। इसी संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए आंदोलन के दौरान अति-आवश्यक और आपातकालीन दवाओं की बैकअप व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी, जिससे किसी भी गंभीर मरीज को असुविधा न हो।

बिना अनुमति मेडिकेटेड क्रीम बेचने वालों को दी हिदायत 

इस आंदोलन के दौरान दवा व्यापारियों ने औषधि नियमों के कड़ाई से पालन और सामाजिक जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया। संघ के सदस्यों द्वारा क्षेत्र के कुछ चिकित्सकीय क्लीनिकों और कॉस्मेटिक दुकानों का रुख कर उन्हें पैंडर्म और स्किनशाइन जैसी गंभीर मेडिकेटेड क्रीमों को बिना वैध अनुमति और बिना डॉक्टर के पर्चे के न बेचने की सख्त समझाइश दी गई, साथ ही औषधि नियमों का उल्लंघन न करने की हिदायत भी दी गई।

प्रदर्शन में ये रहे उपस्थित 

हड़ताल को सफल बनाने और ज्ञापन सौंपने के दौरान रीतेश सोनी, दिनेश सोनी, कुशाग्र श्रीवास्तव, आयुष शर्मा, अनिल सिंगरोरे, निखिल अग्रवाल, देवेंद्र अग्रवाल, सत्येंद्र यादव, दक्ष अग्रवाल एवं अभिषेक सिंगरोरे सहित क्षेत्र के अनेक प्रमुख दवा व्यापारी और फार्मासिस्ट मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


Leave a Comment