चकदेही के पास अनियंत्रित होकर पलटी तूफान वाहन
- बाल-बाल बचा चालक
- रोसरा-बड़झर मार्ग पर नर्मदा पुल के किनारे हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम चकदेही के पास एक तूफान वाहन हादसे का शिकार हो गया। बताया गया कि रोसरा-बड़झर मार्ग पर स्थित नर्मदा नदी के पुल के किनारे एक चार पहिया तूफान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में वाहन चालक पूरी तरह सुरक्षित है और उसे मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी अनुसार तूफान गाड़ी बुधवार की दोपहर चकदेही से रोसरा बड़झर की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन चकदेही के पास नर्मदा नदी पुल के समीप पहुँची, इसी दौरान अचानक वह अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया। भिड़ंत और पलटने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुँचे।
चालक था अकेला, बाल-बाल बची जान
बताया गया है कि घटना के समय चार पहिया तूफान वाहन में केवल चालक ही सवार था, उसमें अन्य कोई यात्री मौजूद नहीं था। वाहन पलटने से गाड़ी को नुकसान पहुँचा है, लेकिन चालक की किस्मत अच्छी थी कि वह इस गंभीर हादसे में बाल-बाल बच गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। बुधवार को हुए इस हादसे की सूचना के बाद स्थानीय स्तर पर सतर्कता बरतने और मोड़ों पर वाहनों की गति धीमी रखने की अपील की गई है।










