रानी दुर्गावती कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू
स्नातक और स्नातकोत्तर की प्रथम चरण की सूची जारी
- उच्च शिक्षा विभाग ने जारी की अलॉटमेंट लिस्ट
- 26 मई तक ऑनलाइन शुल्क जमा कर छात्र पक्का कर सकेंगे दाखिला
मंडला महावीर न्यूज 29. कार्यालय प्राचार्य, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला द्वारा सत्र 2026-27 के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। कॉलेज में स्नातक (UG) एवं स्नातकोत्तर (PG) प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत प्रथम चरण की आवंटित सूची का प्रकाशन बुधवार, 20 मई 2026 को उच्च शिक्षा विभाग भोपाल (ई-प्रवेश) के माध्यम से कर दिया गया है।
सूचना पटल और वेबसाइट पर देख सकते हैं नाम
कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी महाविद्यालय के मुख्य सूचना पटल (नोटिस बोर्ड) पर जाकर आवंटित सूची में अपना नाम देख सकते हैं। इसके अलावा, छात्र उच्च शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगइन करके भी अपनी अलॉटमेंट स्थिति की जांच कर सकते हैं।
मोबाइल पर भी भेजे गए हैं मैसेज
प्रवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सीट आवंटन से संबंधित जरूरी मैसेज शॉर्टलिस्टेड विद्यार्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर भी प्रेषित कर दिए गए हैं।
26 मई है शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि
महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्र-छात्राओं का नाम इस सूची में आया है, उन्हें आगामी 26 मई 2026 तक हर हाल में अपना ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन शुल्क जमा होने के बाद ही विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी। तय तारीख तक फीस न भरने पर आवंटन स्वतः निरस्त माना जा सकता है।











