हाथ के पंखे के सहारे हो रहा तपती गर्मी में टीकाकरण

हाथ के पंखे के सहारे हो रहा तपती गर्मी में टीकाकरण

शो-पीस बना आंगनबाड़ी का पंखा

  • भीषण गर्मी में कपड़े से हवा करने मजबूर नौनिहाल
  • दीवार पर टंगा पंखा और मीटर दे रहे बदहाली की गवाही
  • शिकायत के बाद अधिकारी ने दिए जांच के निर्देश

मंडला महावीर न्यूज 29. महिला एवं बाल विकास विभाग के दावों की जमीनी हकीकत देखनी हो, तो विकासखंड घुघरी के बस स्टैंड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-3 को देखा जा सकता है। यहाँ व्यवस्थाओं की बदहाली और कथित लापरवाही के कारण मासूम बच्चे और गर्भवती माताएं इस चिलचिलाती धूप और उमस में तपने को मजबूर हैं। आंगनवाडी केंद्र में बिजली का मीटर और दीवार पर पंखा तो लगा है, लेकिन वे सिर्फ शो-पीस बनकर रह गए हैं।जानकारी अनुसार घुघरी मुख्यालय के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-3 में नियमित रूप से बच्चों का टीकाकरण किया जाता है। वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी के बावजूद केंद्र में पंखा बंद पड़ा है। आलम यह है कि टीकाकरण के लिए आने वाले छोटे-छोटे नौनिहाल बच्चे और माताएं गर्मी से बेहाल हो रहे हैं। लापरवाही का आलम इतना है कि मजबूरन परिजनों को अपने मासूम बच्चों को हाथ के पंखे या कपड़े से हवा करनी पड़ रही है। इस अव्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

कार्यकर्ता ने लाइनमैन पर मढ़ा दोष 

जब इस अव्यवस्था और बंद पड़े पंखे के संबंध में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से जवाब मांगा गया, तो उन्होंने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। कार्यकर्ता का कहना है कि लाइनमैन द्वारा कनेक्शन नहीं किया जा रहा है और वे लगातार मामले को टाल रहे हैं। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यकर्ता की उदासीनता के कारण बच्चों को इस प्रताडऩा से गुजरना पड़ रहा है।

कार्रवाई का मिला आश्वासन 

केंद्र की इस बदहाली से नाराज ग्रामवासियों ने मामले की शिकायत सीधे महिला एवं बाल विकास विभाग के उच्च अधिकारियों से की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारी ने आश्वस्त किया है कि मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही केंद्र में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति दुरुस्त कराकर पंखा चालू कराया जाएगा।

इनका कहना है

सरकार के सारे दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। एक तरफ पोषण आहार देने की बड़ी-बड़ी बातें की जा रही हैं, तो दूसरी तरफ जमीनी हकीकत यह है कि आंगनबाडिय़ों में न बिजली है और न ही पानी की व्यवस्था। यह सरकार सिर्फ जुमलेबाजी कर रही है।
नारायण सिंह पट्टा, विधायक

मैं अपनी नातिन को टीकाकरण कराने के लिए आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-3 आया था। यहाँ पर मैं लगभग 1 साल से आ रहा हूँ, लेकिन पंखा बंद है। मात्र शो-पीस के लिए मीटर लगवा दिया गया है। व्यवस्थाएं भगवान भरोसे हैं।
दीपक अग्रवाल, स्थानीय नागरिक, घुघरी



रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️

Leave a Comment