मंडला फोर्ट को रेलवे हब बनाने की मांग
भोपाल, नागपुर और इंदौर के लिए सीधी ट्रेनों की दरकार
- पिट लाइन निर्माण और पेंचवेली के विस्तार से चमकेगा महाकौशल
- रेलवे संघर्ष समिति ने उठाई आवाज
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में बेहतर रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की सहूलियत को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही है। रेलवे संघर्ष समिति के पदाधिकारी अखिलेश सोनी ने जनहित में रेल प्रशासन से मंडला फोर्ट स्टेशन को महाकौशल क्षेत्र का एक बड़ा रेलवे हब बनाने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि मंडला फोर्ट स्टेशन पर पिट लाइन एवं वाशिंग डिपो का निर्माण किया जाता है, तो यहाँ से चारों दिशाओं के लिए सुगम रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी, जिससे रेलवे के राजस्व में भी भारी बढ़ोतरी होगी।
बताया गया कि वर्तमान में मंडला फोर्ट से सवेरे चलने वाली ट्रेन का समय बदलकर सुबह 7 बजे के बाद किया जाना चाहिए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को स्टेशन पहुंचने में असुविधा न हो। नागपुर में इलाज कराने जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए रात 9 बजे स्पेशल ट्रेन चलाई जाए। यह ट्रेन सप्ताह में 3 दिन (रविवार, मंगलवार एवं गुरुवार) चले और इसमें एएसी व 2 एएसी कोच अनिवार्य रूप से जोड़े जाएं।
पेंचवेली ट्रेन का इंदौर तक हो विस्तार
पेंचवेली ट्रेन की टाइमिंग निर्धारित कर मई या जून के प्रथम सप्ताह से मंडला फोर्ट से इंदौर तक संचालन प्रारंभ किया जाए, जिससे विद्यार्थियों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिले। भोपाल और इंदौर में पढ़ाई करने वाले छात्रों और नौकरीपेशा लोगों के लिए मंडला से भोपाल के लिए रात 10 बजे एक नई ट्रेन शुरू की जाए।
पूर्ण क्षमता से चल रही हैं मौजूदा ट्रेनें
रेलवे संघर्ष समिति का कहना है कि हाल ही में प्रारंभ हुई छिंदवाड़ा और जबलपुर ट्रेनें मंडला से ही लगभग अपनी पूर्ण क्षमता के साथ संचालित हो रही हैं। इससे यह साफ है कि नई ट्रेनों के संचालन से रेलवे को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा, बल्कि यात्री संख्या और राजस्व दोनों में वृहत रूप से वृद्धि होगी।
यातायात और बस सुविधा को जोडऩे की मांग
समिति ने स्थानीय प्रशासन और नगरपालिका से भी मांग की है कि ट्रेनों के समय के अनुसार शहर में इलेक्ट्रिक बस सेवा प्रारंभ की जाए। इसके साथ ही सभी प्रमुख रूटों की बसों का संचालन रेलवे स्टेशन होते हुए किया जाए, जिससे यात्रियों के साथ स्थानीय बस ऑपरेटरों को भी आर्थिक लाभ मिल सके। यह एकीकृत परिवहन व्यवस्था मंडला जिले में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र को नई गति प्रदान करेगी।










