मंडला-जबलपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा
दो वाहनों की जोरदार भिड़ंत, दोनों चालकों की मौके पर मौत
- चिरी घाट पर पंचर बना रहे ट्रक को कंटेनर ने पीछे से मारी टक्कर
- तेज रफ्तार और लापरवाही ने ली दो जिंदगियां
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे 30 मार्ग इन दिनों खूनी सड़क के रूप में तब्दील होता जा रहा है। वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन लोग असमय काल के गाल में समा रहे हैं। बताया गया कि टिकरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चिरी के घाट में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहाँ मंगलवार तड़के एक ट्रक और कंटेनर के बीच हुई भीषण भिड़ंत में दोनों वाहनों के चालकों की दर्दनाक मौत हो गई।

पंचर बना रहा था ट्रक चालक, पीछे से आई मौत
टिकरिया थाना प्रभारी प्रदीप पांडे ने बताया कि दुर्घटना मंगलवार सुबह लगभग 5 बजे की है। ट्रक क्रमांक सीजी 22 जे 6075 जबलपुर से मंडला की ओर आ रहा था। चिरी घाट पर अचानक ट्रक का टायर पंचर हो गया। चालक ने सावधानी बरतते हुए ट्रक को सड़क के किनारे अपनी साइड में खड़ा किया और नीचे बैठकर पंचर टायर को खोलने लगा। इसी दौरान जबलपुर की दिशा से ही आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर क्रमांक आरजे 11 जीसी 8798 के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। घाट की ढलान और अत्यधिक गति के कारण कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि पूरा इलाका दहल उठा।

वाहन में फंस गया चालक
बताया गया कि यह भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसका चालक केबिन के भीतर ही बुरी तरह फंस गया। वहीं ट्रक के नीचे बैठकर पंचर हुए टायर को खोल रहे ट्रक चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह भी इस भीषण टक्कर की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों और मालिकों को दी सूचना
घटना की सूचना मिलते ही टिकरिया पुलिस टीम मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद शवों को वाहनों से बाहर निकाला गया। दोनों मृतकों के शवों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज भेजा गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों के मालिकों और मृतकों के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल मृतकों के नाम और पते की सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है। परिजनों और वाहन मालिकों के पहुँचने के बाद ही उनकी पहचान स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है।

हाईवे में बढ़ रहे हादसे, सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
नारायणगंज क्षेत्र का चिरी घाट अपनी घुमावदार बनावट के कारण वैसे ही संवेदनशील माना जाता है, ऊपर से भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार ने इसे और भी खतरनाक बना दिया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि मुख्य मार्गों पर रफ्तार पर अंकुश लगाने और खड़े वाहनों के लिए उचित संकेतकों की व्यवस्था नहीं की गई, तो ऐसे हादसों पर रोक लगाना मुश्किल होगा।










