बाइक से शराब की तस्करी कर रहा युवक गिरफ्तार
- घेराबंदी कर पकड़ी 46 लीटर अवैध शराब
- पुलिस को चकमा देने के लिए बैग में छिपा रखी थी पेटियां
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में शराब दुकानों के बंद होने के बाद से अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने रंगरेज घाट पुल के पास एक बाइक सवार युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से भारी मात्रा में देशी-विदेशी शराब बरामद की है। पकड़ी गई शराब की कुल मात्रा लगभग 46 लीटर बताई जा रही है।
बताया गया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक के जरिए शराब की बड़ी खेप खपाने की फिराक में है। आरोपी श्याम सुंदर उर्फ बंटू निवासी सिलगी, वर्तमान निवासी पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए कार के बजाय बाइक का इस्तेमाल किया। उसने फेरी लगाने वाले बड़े साइज के बैग में शराब की पेटियां लोड की थीं और पुरवा-रामबाग के रास्ते मंडला में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
महंगी विदेशी ब्रांड की शराब भी शामिल
तलाशी के दौरान पुलिस को बाइक से 46 लीटर शराब मिली। इसमें 3 पेटी प्लेन देशी शराब के अलावा सिग्नेचर, एमडी रम, ब्लेंडर्स प्राइड, गोवा और ओल्ड मंक जैसे महंगे ब्रांड के क्वार्टर और बोतलें शामिल हैं। पुलिस ने शराब और परिवहन में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर लिया है।
अंजनिया और हिरदेनगर से जुड़े हैं तार
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की तस्दीक कर रही है कि शराब की यह खेप कहाँ से लाई गई थी। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि जिले के अंजनिया और हिरदेनगर क्षेत्रों से अवैध शराब की आपूर्ति मंडला शहर में की जा रही है।










